हरियाणा के गुरुग्राम में फर्रुखनगर के एक पीजी में रहने वाली 22 वर्षीय मुस्कान शुक्ला की मौत का मामला 33 दिन बाद फिर सुर्खियों में आ गया है। अभी तक पुलिस इसे सुसाइड केस मानकर कार्रवाई कर रही थी। अब मुस्कान की मां निगम शर्मा गुरुग्राम पहुंचीं और केस की नए सिरे से जांच की मांग की। शुक्रवार को वह पुलिस कमिश्नर ऑफिस पहुंचेंगी।
मां ने कहा कि इस केस में मुस्कान के दोस्त से दोबारा पूछताछ की जानी चाहिए। मां को शक है कि कहीं ऐसा न हो कि मुस्कान को मारने के बाद लटकाया गया हो। मुस्कान मूलरूप से झारखंड के नदुआ गांव की थी। पहले वह अमेजन कंपनी में काम करती थी। करीब दो महीने पर पहले जॉब छोड़ी और नई नौकरी की तलाश में थी।
मुस्कान सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सक्रिय थी। इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफार्म पर शॉर्ट व रील बनाती थी। मुस्कान के साथ उसका छोटा भाई सचिन रहता था। कुछ समय से उसका दोस्त निहाल भी साथ रहने लगा। निहाल किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। परिजनों के शक की एक वजह ये भी है कि घटना के बाद से ही वो कहीं और रहने लगा है।

जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर जयपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के हिसाब से ये आत्महत्या का मामला है, अगर परिवार वालों की तरफ से कोई तथ्य पेश किया जाता है तो हम दोबारा से दोस्तों से पूछताछ करेंगे।
