हरियाणा के करनाल की एक विवाहिता पति की मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर वृंदावन में संत एवं कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के दरबार में पहुंची। महिला ने बताया कि पति शराब पीकर आए दिन उसे पीटता है। जबरदस्ती उसे शराब पिलाने की भी कोशिश की। मना करने पर सिर पर कैंची मारी। उसे धमकी दी कि मारकर शौचालय के कच्चे गड्ढे में दबा देगा। डर के मारे वह भागी, लेकिन 2 छोटे बच्चे घर पर ही छूट गए।
अपनी व्यथा सुनाते वक्त पीड़िता फूट-फूटकर रोने लगी। संत ने पूछा- पुलिस में शिकायत क्यों नहीं दी? तो वह बोली- कई बार करनाल पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस कहती है कि घरेलू मामला है, खुद सुलझाओ।
महिला ने रोते हुए कहा कि सरपंच और मायके वाले भी साथ नहीं दे रहे। इस पर अनिरुद्धाचार्य ने बालीवुड पर तंज किया। बोले- यह बॉलीवुड वाले शराब को बढ़ावा देते हैं। शराब की वजह से ही समाज में ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
करनाल के रायसन में ब्याही इस महिला का नाम मिथिलेश है, जो मूलरूप से यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव की है। उसकी करीब 8 साल पहले शादी हुई। वह 2 बच्चों की मां है। महिला के आरोपों पर उसके पति या ससुरालवालों की प्रतिक्रिया नहीं मिली है।


