रोहतक के गांव घरोठी निवासी राज सिंह ने भाजपा लाखनमाजरा मंडल अध्यक्ष अमित चौहान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राज सिंह का कहना है कि अमित चौहान ने उसके बेटे को मारुति कंपनी के खरखौदा प्लांट में पक्की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके लिए 6 लाख रुपए मांगे।

राज सिंह के अनुसार, उसने कर्ज लेकर 1 जनवरी 2024 को अमित चौहान को 3 लाख रुपए दिए थे और तय हुआ था कि बाकी 3 लाख नौकरी लगने के बाद दिए जाएंगे।

लेकिन आज तक उसके बेटे को नौकरी नहीं मिली। जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने इनकार कर दिया और उसे धमकियां भी देने लगा। पीड़ित का कहना है कि इस दबाव के चलते वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो गया है।

राजसिंह ने बताया कि अमित चौहान ने भाजपा के बड़े नेताओं व मंत्रियों के साथ फोटो दिखाकर उसे झांसा दिया और कहा कि उसकी भाजपा राज में पूरी चलती है। वह उसके लड़के को एक महीने के अंदर नौकरी दिलवा देगा, लेकिन ना तो नौकरी मिली और ना ही उसके पैसे वापस मिल रहे।

राज सिंह ने कहा कि अमित चौहान को देने के लिए जिस व्यक्ति से 3 लाख रुपए कर्जा लिया था, वह अब ब्याज के पैसे देने के लिए दबाव बना रहा है। क्योंकि उसे पैसे वापस नहीं मिले, इसलिए वह ना तो ब्याज दे पा रहा और ही मूल लौटा पाया। जब भी अमित से पैसे वापस मांगे तो उसे उल्टे धमकी ही मिल रही है।

राजसिंह ने कहा कि पैसे नहीं होने के कारण उसके सामने आत्महत्या करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। राजसिंह ने आखिरी बार भाजपा नेताओं को पत्र लिखकर लाखनमाजरा मंडल अध्यक्ष से पैसे वापस दिलवाने की गुहार लगाई है, ताकि वह अपना कर्जा उतार सके। अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह मरने के लिए मजबूर हो जाएगा।

लाखनमाजरा मंडल अध्यक्ष अमित चौहान ने कहा कि उसे झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उसने राजसिंह से कोई पैसा नहीं लिया और ना ही उसके बेटे को नौकरी लगवाने की कोई बात कही। उन्होंने राज्यसभा सांसद की मीटिंग का बहिष्कार किया था और खुलकर मीडिया के सामने भी विरोध किया तो उसका बदला लेने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!