रोहतक में सैनी एजुकेशन सोसाइटी की ओर से 75वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सीएम नायब सिंह सैनी ने शिरकत की। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल व राजेश जैन ने शिरकत की।
सैनी संस्था के प्लेटिनम जुबली समारोह के दौरान सीएम नायब सैनी को संस्था की तरफ से मांग पत्र दिया गया। साथ ही सीएम से संस्था का विकास करने में सहयोग की मांग की। सीएम ने आश्वासन दिया कि संस्था की तरफ से जो मांग पत्र दिया गया है, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
सैनी संस्था की ओर से एक 4 मंजिला स्कूल का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी आधारशिला सीएम नायब सैनी के हाथों रखवाई गई। स्कूल बनाने में करीब 12 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। यह स्कूल संस्था के दानी सज्जनों की तरफ से दिए गए दान के पैसों से ही बनेगा। वहीं, सीएम नायब सैनी से भी स्कूल बनाने में सहयोग मांगा गया।
संस्था के प्रधान अवनीश कुमार सैनी ने बताया कि सैनी संस्था में मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में दो विंग होंगी, जिसमें से एक विंग में सीबीएसई के पैटर्न पर स्कूल बनेगा, जबकि दूसरी विंग के लिए लॉ कॉलेज, डी फार्मेसी कॉलेज व नर्सिंग कॉलेज में से एक कोर्स देने की सीएम से मांग की गई।

