रोहतक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की जमीन नई अनाज मंडी के सामने पिछले 15–16 वर्षों से अवैध झुग्गी-झोपड़ी बसी हुई थी।
अब HSVP की टीम ने वहां रहने वालों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने स्वयं झुग्गियां नहीं हटाईं, तो टीम बुल्डोजर से कार्रवाई करेगी।
इस कार्रवाई का मकसद 17 सितंबर को नई अनाज मंडी में होने वाले विश्वकर्मा जयंती समारोह के लिए जगह तैयार करना है, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल होंगे।
समारोह के दौरान पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अनाज मंडी के सामने का क्षेत्र खाली करवाया जा रहा है।
झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों ने बताया कि यहां करीब 15-16 साल से रहते हैं। लेकिन उनके पास अपना घर नहीं है। झुग्गी झोपड़ी में ही अपना गुजारा कर रहे हैं और अब प्रशासन ने उनसे यह भी छीन ली। अब वह कहां जाएंगे। प्रशासन ने हमारे घरों को तोड़कर हमें बेघर करने का काम किया है। अब ऐसे ही खुले आसमान के नीचे दिन रात गुजारने पड़ेंगे।
झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले जॉनी ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे एचएसवीपी की टीम बुल्डोजर लेकर पहुंची, जिसके साथ महिला पुलिसकर्मी भी थी। आते ही पुलिसकर्मियों ने झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं को डराया कि तुम्हारा सारा सामान तोड़फोड़ कर देंगे। अपनी झुग्गी प्यार से उठा लो, नहीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जॉनी ने बताया कि उनकी पूरी उम्र रोहतक में गुजर गई। उनके पिता, दादा व परदादा भी रोहतक में रहते थे। उनके वोटर कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, फैमिली आईडी सब यहीं की है। पिछले 15-16 साल से तो यहां झुग्गी में रहते हैं। यहां ना तो पानी है और ना बिजली। फिर भी गुजारा कर रहे थे। लेकिन अब झुग्गी भी तुड़वा दी, अब कहां जाएंगे
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी आशीष वशिष्ठ ने बताया कि अनाज मंडी के सामने झुग्गियों में लोग अवैध रूप से रह रहे थे। यह जमीन एचएसवीपी की है। यहां कई प्रोजेक्ट बनने हैं, जिनमें दिक्कत आ रही थी। वहीं आसपास के कॉलोनी वालों की शिकायत भी मिल रही थी। इसी कारण झुग्गियों को हटवाया गया है।
