गृह मंत्रालय में क्लर्क की नौकरी लगवाने का झांसा देकर पंडित लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी आफ परफार्मिंग एंड विजुअल आटर्स (सुपवा) के सिक्योरिटी गार्ड से 15 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगी का आरोप दिल्ली के एक अधिवक्ता समेत कई लोगों पर है। आरोप है कि आरोपितों ने फर्जी आइडी कार्ड और ज्वाइनिंग लेटर दिया और अंडर ट्रेनिंग बताते हुए घर पर ही तीन माह की आनलाइन क्लास भी शुरू कर दिया। ठगी का पता चलने पर पीड़ित की तरफ से शिवाजी कालोनी थाने में शिकायत दी। साथ ही एसपी उदय सिंह मीना से भी न्याय की गुहार लगाई है।

शीतल नगर निवासी बिजेंद्र ने बताया कि वह विश्वविद्यालय में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। मई 20्र20 में दिल्ली के उत्तम नगर का रहने वाला एक अधिवक्ता संपर्क में आया। जिसने झांसा दिया कि वह उसके बेटे कुलदीप की गृह मंत्रालय में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवा देगा। इसके एवज 15 लाख रुपये देने होंगे। आरोपित ने अपने अन्य साथियों से भी मिलवाया। आरोपित की बातों में आकर पीड़ित ने ढाई लाख रुपये दे दिए। इसके बाद अलग-अलग तारीख में कुल मिलाकर 15 लाख रुपये आरोपित के पास पहुंचा दिए गए। पीड़ित का कहना है कि मार्च 2021 में आरोपित ने आइडी कार्ड दे दिए और इसके बाद ज्वाइनिंग लेटर भी भेज दिया। आरोपितों ने कहा कि नौकरी लग चुकी है, लेकिन अभी अंडर ट्रेनिंग के दौरान तीन माह की आनलाइन क्लास शुरू करनी होगी।

पीड़ित का कहना है कि आरोपित की बातों में आकर उसने अपने बेटे की आनलाइन क्लास शुरू कर दी। आनलाइन क्लास के दौरान नौकरी को लेकर कोई भी जानकारी नहीं दी गई। इसके स्थान पर कभी मैथ तो कभी साइंस के बारे में बताते रहे। करीब 15 दिन क्लास करने के बाद सिक्योरिटी गार्ड के बेटे को शक हुआ। शक होने पर उन्होंने आरोपित से इसकी जानकारी ली, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

आखिरकार पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड अपने बेटे के साथ गृह मंत्रालय में पहुंचे और आइडी कार्ड व ज्वाइनिंग लेटर दिखाते हुए नौकरी की बात कहीं। वहां पहुंचने के बाद पता चला कि ऐसी कोई भर्ती नहीं हुई और इस नाम का कोई भी रिकार्ड उनके पास नहीं है। तब जाकर पीड़ित को ठगी का पता चला और शिवाजी कालोनी थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने एसपी उदय सिंह मीना से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि उसने यह पूरी रकम ब्याज पर लेकर दी है। वह बर्बादी के कगार पर पहुंच चुका है और अब आरोपित भी उसे धमकी दे रहे हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!