रोहतक के अंदर पिछले 24 घंटे में हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी भरा हुआ है। महम क्षेत्र का बस स्टैंड भी पानी में डूब चुका है, जबकि सड़कों पर भी पानी भरा हुआ है। वहीं, कलानौर में भी कई स्थानों पर पानी भरने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रोहतक जिले में पिछले 24 घंटे के अंदर 108 एमएम बरसात हुई है, जिसमें ब्लॉक महम में 23 एमएम, रोहतक में 11 एमएम, सांपला में 31 एमएम, कलानौर में 38 एमएम व लाखनमाजरा में 5 एमएम बरसात हुई है। बरसात के दौरान गलियों में पानी भर गया, साथ ही खेतों में भी जलभराव हो गया। बरसात के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
महम की सड़कों पर पानी भरा हुआ है, जिसके कारण लोग गाड़ियों को बरसाती पानी में ही साफ करते नजर आए। सड़क पर भरे करीब डेढ़ से दो फुट तक भरे पानी में ट्रैक्टर को धोते हुए दिखाई दिए। उधर, सड़कों से पानी निकालने के लिए प्रशासन की तरफ से पंप सेट लगाकर पानी निकालने का प्रयास भी किया गया।
रोहतक से होकर गुजरने वाली ड्रेन नंबर 8 इस समय भरी हुई है। पिछले साल भी ड्रेन नंबर 8 टूट गई थी, जिसके कारण कई गांवों में खेतों के अंदर पानी भर गया था। हालात दोबारा ऐसे ही बने हुए है क्योंकि ड्रेन नंबर 8 अभी भरी हुई है और उसके दोबारा टूटने की आशंका बनी हुई है।
बरसात के कारण सांपला, कलानौर व महम के खेतों के पानी भरा हुआ है। खेतों में फसल पूरी तरह से पानी में डूबी हुई है। कुछ गांवों में तो स्थिति और भी खराब है। किसान बार-बार जलनिकासी की मांग उठा रहे हैं, लेकिन पानी की निकासी नहीं हो रही, जिससे परेशानी बढ़ रही है।
रोहतक में लगातार रूक रूक कर बारिश हो रही है। सुबह भी हलकी बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग की तरफ से अगले 3 घंटे में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। पूरे जिले में बादल छाए हुए है। वहीं, बारिश रूकने के बाद लोग अपने गंतव्य की तरफ जाने लगे है।
