हरियाणा के पंचकूला में एक फास्ट फूड की दुकान में आज (4 अगस्त) कोसुबह 10 बजे अचानक ब्लास्ट हो गया। यह घटना कालका के बाजार में हुई। धमाका इतना जोरदार था कि बंद दुकान का शटर सड़क से 100 मीटर दूर जाकर गिरा। साथ ही दीवार भी गिर गई।
दुकान के पास खड़ी बाइक और स्कूटी भी इस धमाके से गिर गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। इस हादसे में कोई भी व्यक्ति चपेट में नहीं आया है।
ब्लास्ट के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। अभी धमाके का कारण पता नहीं चल पाया है। दुकान के अंदर रखे सिलेंडर व इनवर्टर की बैटरी सही सलामत हैं।
पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाके को घेर लिया है और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस का कहना है सब सलामत है। टेरर एंगल समेत सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी राजवीर ने बताया कि ब्लास्ट के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। दुकान के मालिक विश्वास मंगला से पूछताछ चल रही है। अभी तक की जांच में ये बात सामने आई है कि दुकान में रखे दोनों कॉमर्शियल सिलेंडर, फ्रिज का कंप्रेसर और इनवर्टर-बैटरी ठीक हैं। ब्लास्ट के कारणों का पता नहीं चल पा रहा है।
कालका थाना के SI राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती तौर पर किसी भी आतंकी साजिश या गंभीर विस्फोटक के इस्तेमाल के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अब तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दुकान को नुकसान जरूर हुआ है।

