हेल्पलाइन नंबर 112 चालू होने के बावजूद जिले में लूटपाट व झपटमारी की वारदात नहीं रुक रही हैं। पिछले छह दिन में झपटमारी की आठ वारदात हो चुकी हैं। रविवार की रात जहां गोहाना रोड पर जसिया के पास बाइक छीन ली गई, तो सोमवार की दोपहर छोटूराम कॉलोनी में छात्रा का पर्स बाइक सवार ले गया। शाम को एकता कॉलोनी में मार्केट जा रही युवती का पर्स छीन लिया गया। देर रात जींद रोड पर इंद्रगढ़ के पास कार चालक को रुकवाकर लूट लिया गया। पिछले छह दिन में सात वारदात और 24 घंटे के अंदर झपटमारी की तीन वारदात होने से साफ है कि अपराधियों को पुलिस को खौफ नहीं रहा है।
गाँव के बाहर लूटी बाइक, पैसे व मोबाइल
पुलिस के मुताबिक रिठाल गांव निवासी जयभगवान ने दी शिकायत में बताया कि वह हारट्रोन में नौकरी करता है। रात को ड्यूटी पर जाने के लिए बाइक पर घर से निकला था। करीब साढ़े 12 बजे जब वह काहनी गांव से थोड़ा चला तो बाइक पर तीन युवक आए और बाइक को रुकवा लिया। हाथापाई करके उसकी जेब से मोबाइल फोन, 400 रुपये की नकदी व बाइक छीनकर काहनी की तरफ फरार हो गए। जयभगवान पैदल ही जसिया रेलवे फाटक पर पहुंचा, जहां रेलवे कर्मचारी का मोबाइल लेकर अपने बेटे को कॉल की। बेटा मौके पर पहुंचा और पुलिस को अवगत कराया। घिलौड़ चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और मोबाइल की लोकेशन निकालकर लुटेरों केे तलाश किया, लेकिन गुमाना गांव से आगे लोकेशन बंद हो गई।
एक छात्रा का पर्स झपटा, 10 हजार की नकदी, मोबाइल व तीन पासबुक थी अंदर
छोटूराम कॉलोनी निवासी रेखा ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपने पिता के अकाउंट में पैसे जमा कराने के लिए बैंक में गई थी। पिता ने फोन करके कहा कि 7 हजार रुपये ही जमा करवा देना। 10 हजार वापस ले जाना। वह पैदल जब कॉलोनी में पहुंची तो पीछे से एक बाइक सवार आया और झपटा मारकर उसका पर्स छीनकर ले गया। पर्स में 10 हजार की नकदी, मोबाइल व बैंक की तीन पासबुक थी। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। साथ की बाइक का नंबर भी बताया। पुलिस अब बाइक नंबर के आधार पर झपटमार तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही आरोपी नजदीक गली में लगी सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया।
कार रुकवाकर जींद रोड पर पर्स छीना
झज्जर जिले के गांव दुजाना निवासी महाबीर प्रसाद ने लाखनमाजरा थाने में बताया कि कार से गड़वाली खेड़ा गांव से दुजाना जा रहा था। जब इंद्रगढ़ गांव से आगे निकला तो बाइक पर सवार युवक आए और कार का रास्ता रोक लिया। उसने खिड़की खोलकर युवकों से रास्ता रोकने का कारण पूछा तो एक युवक बाइक से नीचे उतरा और कार के डैश बोर्ड को खोलकर पर्स निकाल लिया। उसने रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवक जबरन पर्स छीनकर अपने साथियों के साथ भाग गया। पर्स में 5 हजार रुपये की नकदी, एटीएम कार्ड, 5 क्रेडिट कार्ड, 1 पैन कार्ड, कार की आरसी व ड्राइविंग लाइसेंस था।
एकता कॉलोनी में मार्केट से लौट रही युवती का पर्स छीना
एकता कॉलोनी निवासी युवती अंजली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम को वह कॉलोनी की मार्केट में गई थी। घर के नजदीक प्याऊ वाली गली में पहुंची तो झपटा मारकर एक बाइक सवार पर्स छीनकर ले गया। पर्स में कपड़े, 6 हजार रुपये की नकदी व जरूरी कागजात थे। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
