श्री दरबार साहिब में मारे गए बेअदबी के आरोपित की पहचान स्थापित करना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। 72 घंटे बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आज उसका पोस्टमार्टम होगा और एक बार फिर प्रयास करते हुए बायोमीट्रिक रिकॉर्ड लेकर आधार कार्ड डेटाबेस के साथ मिलाया जाएगा। वहीं पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए लोगों से सहयोग करने की अपील की है। अमृतसर पुलिस ने एक ट्वीट में आरोपित की फोटो शेयर करते हुए पहचान के लिए लोगों से सहयोग करने की अपील की है।  

डीसीपी बंडाल ने बताया कि शव के पहले फिंगर प्रिंट लिए गए थे और उन्हें आधार कार्ड डेटाबेस से मिलाया भी गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब पोस्टमॉर्टम के समय उसका बायोमीट्रिक रिकॉर्ड दोबारा लिया जाएगा और उसे दोबारा डेटाबेस से मिलाने के लिए भेजा जाएगा। मृतक की पहचान के लिए तस्वीरें पूरे भारत में सभी राज्यों को भेज दी गई हैं। संबंधित राज्यों की पुलिस को इसका रिकॉर्ड भी भेजा गया है। अगर कोई मिसिंग व्यक्ति की शिकायत संबंधित आरोपी से मेल खाती होगी तो वे पंजाब पुलिस से संपर्क करेंगे।

पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने युवक की पहचान करने के लिए तस्वीर जारी की है। डॉ. गिल कहना है कि पंजाब पुलिस ने SIT का गठन किया है, लेकिन युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अब लोगों के सहयोग की जरूरत है। जिस भी व्यक्ति को आरोपी की कोई जानकारी है, वह पुलिस के नंबरों 9781130101, 9915701100, डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर परमिंदर सिंह बंडाल के नंबर 9552400001 और एडीसीपी-1 हरपाल सिंह के नंबर 9876019099 पर जानकारी दे। विश्वास दिलाया गया है कि जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

स्वर्ण मंदिर में गेट पर लगे सीसीटीवी की जांच से स्पष्ट हुआ है कि बेअदबी करने का आरोपी घटना से एक दिन पहले भी स्वर्ण मंदिर के बाहर घूमता दिखाई दिया। अब पुलिस ने बाजारों में लगे कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पंजाब सरकार द्वारा मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) के अध्यक्ष व डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर परमिंदर सिंह बंडाल ने जानकारी दी कि बाजारों के सीसीटीवी खंगाले गए हैं, जिनमें युवक 18 दिसंबर को तो पूरा दिन दरबार साहिब के अंदर रहा, लेकिन 17 दिसंबर को पूरा दिन वह दरबार साहिब के आसपास घूमता दिखाई दिया है।

दरअसल, आरोपी ने शुक्रवार को लोई (शाल) ओढ़ रखी थी। वह काफी समय विरासती मार्ग पर भी दिखा और कई बार वह आहलूवाला कटड़ा और आसपास के बाजारों में घूमता रहा। तकरीबन 6 घंटे तक उसकी मूवमेंट दरबार साहिब के आसपास के बाजारों में डिटेक्ट हुई है। वहीं एक नया वीडियो भी सामने आया है। पुलिस टीम इसकी जांच कर रही है।

स्वर्ण मंदिर के पास गलियां बहुत अधिक होने के कारण सीसीटीवी को खंगालने में दिक्कत हो रही है। एक कैमरे की जांच के लिए 5 से 6 घंटे का समय लग रहा है। घटना के दिन तो युवक सुबह ही स्वर्ण मंदिर पहुंच गया था, लेकिन शुक्रवार को वह स्वर्ण मंदिर के बाहर ही घूमता रहा। अब पुलिस ने शहर के एंट्री पॉइंट्स बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास का एरिया खंगालना शुरु कर दिया है। वहां लगे कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं और होटलों में भी पूछताछ की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!