हरियाणा के यमुनानगर जिले में मंगलवार सुबह डाक कांवड़ लेने जा रहे कांवड़ियों की पिकअप गाड़ी हाइवोल्टेज तारों की चपेट में आ गई। इस हादसे में 2 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान कुलदीप और हरीश के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायलों में रिंकू और सुमित शामिल हैं। गाड़ी में करीब 15 कांवड़िए सवार थे, जो यमुनानगर के गुमथला गांव से हरिद्वार जा रहे थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है

जानकारी के अनुसार, यमुनानगर के गुमथला गांव से मंगलवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे कांवड़ियों से भरी पिकअप गाड़ी हरिद्वार के लिए रवाना हुई। ये लोग हरिद्वार के लिए जाने से पहले गांव में ही मंदिर में माथा टेकने गए। इसके बाद गांव में गाड़ी से फेरी लगा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हो गया।

पुलिस के अनुसार, कांवड़ियों ने बारिश से बचने के लिए पिकअप गाड़ी पर तिरपाल डाली हुई थी। उस तिरपाल को रोकने के लिए बीच में लोहे का एक पाइप लगाया हुआ था। जब उनकी गाड़ी गांव में गलियों से गुजर रही थी, उसी दौरान तिरपाल से ऊपर निकला लोहे का पाइप गांव में बिजली सप्लाई कर रही हाइवोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया। इससे पूरी गाड़ी में करंट दौड़ गया।

इससे गाड़ी में सवार लोगों को बिजली का जोरदार झटका लगा। साथ ही गाड़ी के 3 टायर भी फट गए।

लोगों ने हाथ नहीं लगाया, पुलिस को सूचना दी गांव में फेरी लगाते समय मौके पर गांव के काफी लोग मौजूद थे, लेकिन हादसे के तुरंत बाद कोई भी ग्रामीण कांवड़ियों को बचाने के लिए गाड़ी में नहीं चढ़ा। पहले लोगों ने तसल्ली की कि गाड़ी में अब करंट तो नहीं। जब देखा कि अब करंट नहीं है, तो लोगों ने कांवड़ियों को गाड़ी से निकालना शुरू किया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी।

थोड़ी देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां कुलदीप और हरीश को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि, रिंकू और सुमित को गंभीर बताया, जिनका उपचार चल रहा है। जबकि, 5 से 6 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!