पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस (CI) पटियाला और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) मोहाली की संयुक्त कार्रवाई में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इन तीनों पर 1 अप्रैल 2025 को पटियाला के बादशाहपुर और 6 अप्रैल 2025 को हरियाणा के अजीमगढ़ में पुलिस चौकियों पर ग्रेनेड हमलों में शामिल होने का आरोप है।इस बारे में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने खुद जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर गिरफ्तारी की पुष्टि की और इसे पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया है।
1. संदीप सिंह उर्फ दीपू, बादशाहपुर, पटियाला
2. हरप्रीत सिंह उर्फ जग्गा, हरचंदपुरा, पटियाला
3. हरमनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत, गुरदियालपुरा, पटियाला
आरोपियों से पुलिस को हैंड ग्रेनेड और 2 पिस्तौल (.30 बोर और .32 बोर) बरामद हुए हैं। शुरूआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने दोनों हमले विदेश में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के कार्यकर्ताओं मनु अगवान (ग्रीस) और मनिंदर बिल्ला (मलेशिया) के निर्देश पर किए थे।वे पाकिस्तान स्थित आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारों पर काम कर रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस मॉड्यूल को विदेश में बैठे आतंकियों से सामान और पैसों की मदद मिली थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इनको यह मदद कैसे पहुंची। पुलिस की टीमें अब आरोपियों को मोहाली अदालत में पेश करेगी। इसके बाद इनका रिमांड लिया जाएगा। इसके बाद पड़ताल में सारी चीजों को खुलासा होगा।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब में पुलिस ठिकानों पर और हमले करने की योजना बना रहे थे। इस मामले में मोहाली स्थित SSOC थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच अभी चल रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस मामले में जल्दी ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने इस मामले में राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ, मोहाली में मामला दर्ज किया है. शुरुआती तौर पर गिरफ्तार तीनों आरोपियों से जुड़े डिजिटल डिवाइसेज, फंड ट्रेल, और सोशल मीडिया चैट्स खंगाली जा रही हैं. इस जांच के जरिए पाकिस्तान और विदेश में बैठे आकाओं तक पहुंचने की कोशिश भी शुरू हो चुकी है. बब्बर खालसा इंटरनेशनल को भारत में प्रतिबंधित आतंकी संगठन घोषित किया जा चुका है.
