हरियाणा में शनिवार को फिर से मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 4 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और करनाल शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है
वहीं, विभाग ने कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में बूंदाबांदी के आसार जताए हैं। हालांकि, इसके साथ ही पूरे हरियाणा में बादल छाए रहेंगे।
बता दें कि इस सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है। हरियाणा में सामान्यतः 142 मिमी बारिश होती थी, लेकिन इस बार 190 मिमी तक बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो पिछली बार की तुलना में 33 प्रतिशत अधिक है। सबसे ज्यादा 412.8 मिमी बारिश यमुनानगर में हुई है, जबकि सबसे कम 90.4 मिमी बादल कैथल में बरसे हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। जबकि, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल और कुरूक्षेत्र में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं। इनके अलावा अन्य जिलों में भी बूंदाबांदी की संभावना है।
