भारतीय खेल जगत में इन दिनों तलाक की होड़ सी मच गई है। खिलाड़ी किसी भी खेल के हो शादी के कुछ सालों के बाद ही अपने पार्टनर से अलग हो जा रहे हैं। इसी बीच एक और खिलाड़ी अपने पति से तलाक लेने जा रही हैं। दरअसल, भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी साइना नेहवाल ने अपने पति और बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप से अलग होने का फैसला सार्वजनिक कर दिया है। साइना ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक इमोशनल नोट शेयर कर यह जानकारी दी।

साइना ने लिखा कि, “जिंदगी हमें कभी-कभी अलग रास्तों पर ले जाती है। काफी विचार करने के बाद मैंने और पारुपल्ली कश्यप ने अलग होने का फैसला किया है। हमने एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और स्वस्थ जीवन को चुनने का निर्णय लिया है। मैं इन यादगार पलों के लिए आभारी हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस समय हमारी प्राइवेसी को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।”

साइना और पारुपल्ली की प्रेम कहानी बैडमिंटन कोर्ट से ही शुरू हुई थी। दोनों हैदराबाद की पुलेला गोपीचंद एकेडमी में साथ ट्रेनिंग करते थे। यहीं से दोस्ती हुई और फिर रिश्ता प्यार में बदल गया। लंबे समय तक डेट करने के बाद दोनों ने 14 दिसंबर 2018 को शादी की थी। वहीं अब उन्होंने अपने पति और पुरुष शटलर पारुपल्ली कश्यप के साथ 7 साल पुराना रिश्ता तोड़ दिया है।

हरियाणा के हिसार में जन्मी साइना पारुपल्ली कश्यप से तीन साल छोटी हैं। शादी के वक्त कश्यप 31 और साइना 28 साल की थीं। बाद में साइना ने 2020 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जॉइन कर राजनीति में भी कदम रखा।

साइना नेहवाल ने 15 साल की उम्र में 2005 में एशियाई सैटेलाइट टूर्नामेंट जीतकर अपना जलवा दिखाया था। 2012 के लंदन ओलंपिक में उन्होंने महिला एकल में कांस्य पदक जीता। जो उनका ओलंपिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। कॉमनवेल्थ गेम्स में भी साइना ने तीन स्वर्ण पदक जीते— 2010, नई दिल्ली: महिला एकल 2018, गोल्ड कोस्ट: महिला एकल और 2018, गोल्ड कोस्ट: मिक्स्ड टीम। 2015 में साइना दुनिया की नंबर 1 रैंकिंग हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनी थीं।

पारुपल्ली कश्यप ने 2014 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुष एकल में स्वर्ण पदक जीता था। 2013 में वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग छठे स्थान पर पहुंचे थे। साइना और कश्यप का अलग होना बैडमिंटन प्रेमियों के लिए निश्चित ही चौंकाने वाला है। दोनों हमेशा भारतीय खेल जगत की सबसे चर्चित जोड़ियों में शुमार रहे हैं। अब दोनों ने अपने-अपने जीवन में नई राहें चुनने का फैसला किया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!