देश में बच्चे, बूढ़े, महिलाओं समेत आज की युवा पीढ़ी पर रील का खुमार चढ़ा है। कई युवा रील बनाने में अपनी जान दांव पर लगा रहे हैं। वहीं, कुछ यूट्यूबर्स वायरल होने के लिए खुलेआम अश्लीलता परोस रहे हैं। इस बीच, यूपी के कन्नौज से एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला खुलेआम कन्नौज एनएच-34 पर रायफल लेकर रील बना रही है। महिला बुंदेलखंडी गाने पर रायफल के साथ दबंगई दिखाते हुए वीडियो बना रही है।
कन्नौज निवासी महिला हाइवे पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। महिला ने वीडियो में अपना नाम भी लिखा है। महिला का नाम शालिनी पांडेय बताया जा रहा है। वीडियो में यूपी-74 कन्नौज हाइवे कानपुर-दिल्ली लिखा है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर महिला का वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है। महिला के हाथ में लाइसेंसी रायफल दिख रही है। इसके साथ ही हाइवे पर वाहनों का आगमन भी देखा जा सकता है।
हाइवे पर खुलेआम रायफल लेकर वीडियो वायरल होने के बाद कन्नौज पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने महिला के वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस के बारे में जानकारी जुटा रही है। रील बनाने वाली महिला कहां की रहने वाली है। उसके हाथ में जो रायफल है, उसका लाइसेंस है या नहीं। यदि रायफल लाइसेंसी है तो उसका लाइसेंस किसके नाम पर है। महिला के हाथ में रायफल कहां से आई।
