रोहतक जिले के गांव बलियाणा में रहने वाले एक किसान के साथ साइबर ठग ने बैंक कर्मचारी बनकर 1.37 लाख की ठगी कर ली। ठग ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर किसान को चपत लगाई। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। शिकायत के आधार पर आईएमटी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बलियाणा गांव निवासी किसान रणवीर ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। साल 2008 में उसने एचडीएफसी बैंक से इंश्योरेंस पॉलिसी करवाई थी, जिसमें उसे हर साल 25 हजार रुपए भरने थे। तीन साल तक उसने पैसे भरे, लेकिन उसके बाद उसने पैसे नहीं भरे। 13 दिसंबर को उसके पास किसी अर्जुन सिंघानिया का फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि आपकी एचडीएफसी पॉलिसी पूरी हो चुकी है।
कंपनी ने यह पैसे शेयर मार्केट में लगा रखे हैं, इनको निकलवाने के लिए आप अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड और खाता नंबर भेजो तो उसने अपने व्हाट्सऐप से कागजात व खाता संख्या भेज दिया। 17 नवंबर को 15,700 रुपए गूगल पे से भेज दिए। 18 नवंबर को उसने 25 हजार रुपए भेजने के लिए कहा। उसके बाद फिर से 25 हजार व 20 हजार रुपए भेजने के लिए कहा गया। इस प्रकार से एक लाख 37,300 जमा करवा दिए।
29 नवंबर को उसके पास फिर से फोन आया कि 28900 रुपए और जमा करवा दो। उसके बाद उसे शक हुआ तो उसने पैसे जमा नहीं करवाए। उसने फोन करने वाले से पैसे वापस करने के लिए कहा तो उसने फोन काट दिया व उसके बाद फोन नहीं उठाया। परेशान होकर वह दिल्ली स्थित एचडीएफसी के कार्यालय पहुंचा, जहां पर अर्जुन सिंघानिया नाम का कोई शख्स नहीं मिला तो उसे ठगी होने का आभास हुआ। उसने पता करवाया तो पैसे जमा होने वाला खाता नोएडा का पाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
