रोहतक में कांग्रेस के जिला प्रधान को चुनने के लिए मंथन शुरू हो गया है। रोहतक में नियुक्त पर्यवेक्षक बीवी श्रीनिवास के पास अब तक 30 लोगों ने आवेदन किया है, जिनका ट्रैक रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है।
इनमें से कुछ नामों का चयन कर हाईकमान को भेजा जाएगा, जिसमें से एक नाम जिला प्रधान के लिए घोषित किया जाएगा। पर्यवेक्षक बीवी श्रीनिवास ने कहा कि वे 20 जून तक दो बार और रोहतक आएंगे। वे सभी कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए तैयार हैं।
कार्यकर्ता चाहें तो उनसे फोन पर भी बात कर सकते हैं। कई कार्यकर्ता दिल्ली स्थित उनके आवास पर भी उनसे मिलने पहुंचे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और प्रधान पद के लिए आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
बीवी श्रीनिवास ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं राहुल गांधी की सोच के अनुसार संगठन निर्माण का कार्य तेजी से शुरू हुआ है। महीने के अंत तक सभी लिस्ट फाइनल कर दी जाएंगी । जो भी जिला अध्यक्ष के लिए आवेदन कर रहे हैं, सभी का पूरा ट्रैक रिकॉर्ड चेक किया जाएगा। कांग्रेस के लिए किसने कितना समर्पण के साथ कार्य किया है, सब देखा जा रहा है।
विधायक बीबी बतरा ने बताया कि कांग्रेस को लंबे समय से संगठन की आवश्यकता थी। यह इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। कांग्रेस का संगठन बनेगा और जिन्हें जो भी दायित्व मिलेगा, सब उनका सहयोग करेंगे। संगठनात्मक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जो भी प्रभारी कांग्रेस के रहे, सभी ने अच्छा कार्य किया। कांग्रेस के पास संगठन नहीं था लेकिन कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता ने संगठित होकर लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ा।

