रोहतक में रात के समय रजवाहे के पुल पर बैठे तीन युवकों को स्कोर्पियो सवार आरोपियों ने पिस्तौल की नोक पर अगवा कर गाड़ी में बैठाया और जमकर मारपीट की। आरोपियों ने दोनों युवकों को अंधेरा होने पर चिड़ी गांव की तरफ स्कूल के पास छोड़ा और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

गांव चांदी निवासी कपिल ने बताया कि वह अपने दोस्त स्वर्ण और नरेंद्र के साथ रात करीब 10 बजे रजबाहे के पुल पर बैठा था। इसी दौरान काले रंग की स्कोर्पियो गाड़ी में 5-6 लोग आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पिस्तौल की नोक पर अगवा कर गाड़ी में बैठाया और गांव चिड़ी के पास स्कूल के आगे ले जाकर मारपीट करते रहे। आरोपी अंधेरा होने पर उन्हें छोड़कर मौके से फरार हो गए।

कपिल ने बताया कि स्कोर्पियो गाड़ी से उतरे आरोपियों ने खुद को शराब का ठेकेदार बताया और गांव चांदी में अवैध शराब बेचने के बारे में पूछने लगे। जब उन्होंने अवैध शराब बेचने के बारे में पता नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। साथ ही गाड़ी में बैठाकर मारपीट करते रहे और अंधेरा होने पर स्कूल के बाहर छोड़ा।

कपिल ने बताया कि आरोपियों ने उनके दोस्त अमित के मोबाइल पर फोन किया और धमकी दी कि अगर गांव चांदी में अवैध शराब बेची तो तेरे साथी कपिल, स्वर्ण और नरेंद्र को जान से मार देंगे। अभी तो उन्हें छोड़ दिया है, लेकिन अगली बार नहीं छोड़ेंगे। इस घटना के बाद से परिवार के लोगों में डर बना हुआ है।

थाना लाखनमाजरा के जांच अधिकारी एसआई पवन ने बताया कि 3 युवकों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!