रोहतक में कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनाने के लिए लगाए गए ऑब्जर्वर बी.वी श्रीनिवास ने कहा कि 25 दिन में जिलाध्यक्ष की खोज पूरी हो जाएगी। कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की गई है, साथ ही विधायकों से भी बात हुई है। जो भी एक्टिव सदस्य होगा, संगठन को साथ लेकर मजबूत करने का काम करेगा, उसे जिलाध्यक्ष बनाया जाएगा।
बी.वी श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने व जिला और ब्लॉक स्तर पर कमेटी बनाने के लिए प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश के हर जिले में ऑब्जर्वर कार्यकर्ताओं व विधायकों के साथ मीटिंग कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द प्रदेश के हर जिले में संगठन बनाया जा सके। साथ ही नए लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का काम किया जाएगा।
बी.वी श्रीनिवास ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस की संगठन बनाने की प्रक्रिया चल रही है। गुजरात में जिलाध्यक्ष व कमेटी बनाई गई है और मध्य प्रदेश में भी संगठन बनाने की प्रक्रिया चल रही है। जो भी 35 से 55 साल के कार्यकर्ता है और जिनकी संगठन में अच्छी पकड़ व सबको साथ लेने की काबिलियत है, उन्हें मौका दिया जाएगा।
बी.वी श्रीनिवास ने कहा कि चंडीगढ़ में हुई मीटिंग के दौरान राहुल गांधी ने हर जिले के लिए एआईसीसी का एक ऑब्जर्वर लगाया है। साथ ही 2 सहयोगी ऑब्जर्वर लगाए है। सभी ऑब्जर्वर व रोहतक के 3 विधायकों के साथ चर्चा की गई है। साथ ही जो लोग जिलाध्यक्ष के लिए आवेदन करना चाहते है, उन्हें फॉर्म भी दिए गए है। बाकी विधानसभा स्तर पर मीटिंग के दौरान भी आवेदन फॉर्म दिए जाएंगे।
बी.वी श्रीनिवास ने कहा कि आवेदन आने के बाद सभी के नामों पर चर्चा की जाएगी। मजबूत उम्मीदवार के नामों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिन्हें एआईसीसी के पास भेजा जाएगा। एक मजबूत व संगठन को साथ लेकर चलने वाले उम्मीदवार को जिलाध्यक्ष बनाया जाएगा, ताकि पार्टी को ब्लॉक व बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके।

