शादी के हनीमून के लिए नार्थ-ईस्ट गए यूपी के एक कपल 13 दिन से लापता है. परिजनों से उनकी आखिरी बार 29 मई को बात हुई थी, इसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो पाया है. अपनी पत्नी सोनम के साथ मेघालय की राजधानी शिलांग गए इंदौर के राजा रघुवंशी की मर्डर मिस्ट्री इन दिनों देशभर में सुर्खियों में है. अभी तक के घटनाक्रम, खुलासे और पुलिस जांच के अनुसार सोनम रघुवंशी ने ही सुपारी देकर अपने पति की हत्या कराई. इस मामले में सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा सहित अब तक 4 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं. हालांकि सोनम के पिता ने अपने बेटी को बेकसूर बताया और मेघालय पुलिस पर कहानी गढ़ने का आरोप लगाया है.
ऐसे में प्रतापगढ़ के कपल के साथ क्या अनहोनी हुई, कुछ कहा नहीं जा सकता. परिजन पूर्वोत्तर के राज्य सिक्किम में डेरा डाले हुए हैं और स्थानीय जांच टीम के साथ नवविवाहित जोड़े की तलाश कर रहे हैं. हनीमून पर गए घर के बेटे-बहू की कोई खबर न लगने से परिवार वालों का बुरा हाल है. मूलरूप से प्रतापगढ़ का रहने वाला यह नविवाहित जोड़ा 24 मई को सिक्किम गया घूमने गया था. 29 मई तक कौशलेद्र सिंह और अंकिता की घर-परिवार वालों से बातचीत होती रही. लेकिन, उसके बाद फैमिली के किसी सदस्य से कोई संपर्क नहीं हुआ है. तकरीबन 13 से दोनों लापता है.
लापता कौशलेंद्र(29) के छोटे भाई अखंड सिंह कहते हैं कि उनके बड़े पापा और पिता जी भैया भाभी की तलाश में सिक्किम में हैं. लेकिन, अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है. परिवार के सदस्यों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. सिक्किम में मौसम रोज बदलता है, जिस दिन मौसम थोड़ा ठीक रहता है उस दिन तलाश तेज की जाती है. लेकिन, जब मौसम खराब हो जाता है तो सर्च अभियान में बाधा आ जाती है.
बता दें कि 29 मई को टूरिस्टों से भरी गाड़ी बारिश में सिक्किम के मंगन जिले में एक पहाड़ी पर हादसे का शिकार होकर हजारों फीट गहरी खाई में गिर गई थी. इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और दो लोग घायल हुए थे. जबकि आठ लोग लापता हो गए थे. इसी ग्रुप में प्रतापगढ़ के सांगीपुर थाना क्षेत्र के राहटिकर गांव के कौशेलेन्द्र प्रताप सिंह व उनकी पत्नी अंकिता (26) भी थीं. इनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है
कौशलेंद्र की शादी 5 मई को हुई थी. 24 मई को कौशलेंद्र व अंकिता हनीमून मनाने के लिए उत्तर सिक्किम के मंगन जिला के चुंगथाग इलाके में गए थे. वहां से ये लोग एक टूरिस्ट वाहन से घूमकर वापस गंगटोक होटल में 29 मई की रात आ रहे थे. गाड़ी में ड्राइवर और 10 पर्यटक बैठे थे. रात में भारी बारिश हो रही थी.
तभी सैलानियों से भरा वाहन बेकाबू होकर करीब एक हजार फीट नीचे तीस्ता नदी की खाई में जा गिरा. स्थानीय लोगों को जब सूचना लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मौके पहुंची पुलिस ने तीन लोगों का रेस्क्यू किया. जिसमें एक की मौके पर मौत हो चुकी थी.
घायल दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. अंकिता और कौशलेंद्र सहित 8 लोग लापता हैं, जिनकी सेना और रेस्क्यू टीम तलाश कर रही है. परिजनों ने बताया, अंकिता लखनऊ के मेदांता अस्पताल में मेडिसिन विभाग में हैं और कौशलेंद्र दिल्ली में सिविल सेवा की तैयारी कर रहे थे.
