पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार की यू-ट्यूबर ज्योति को एक बार फिर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ज्योति के वकील कुमार मुकेश ने बताया कि आज अदालत में ज्योति वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुई।
कोर्ट में कार्यवाही चलने के बाद उसे 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है। अब 23 जून को ज्योति की फिर पेशी होगी। इस बीच कुमार मुकेश ज्योति की बेल के लिए याचिका लगा सकते हैं। वकील ने बताया कि प्रशासन अपनी सहुलियत के हिसाब से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी कर सकता है।
इससे पहले 26 मई को पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था। ज्योति पर पाक एजेंटों पर संवेदनशील जानकारियां देने के आरोप है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया था कि उसने पाक एजेंटों से बातचीत की थी।
पुलिस ने ज्योति के बैंक अकाउंट भी खंगाले हैं। मगर पुलिस इस बारे में कुछ भी बताने से मना कर रही है। वहीं ज्योति के वकील कुमार मुकेश का कहना है कि ज्योति पर जो धाराएं लगाई हैं वो गलत है। पुलिस की जांच से ऐसा नहीं लगता कि ज्योति पर जो आरोप है वह सही है। कुमार मुकेश ने कहा कि हालांकि पुलिस की चार्जशीट से पता चलेगा कि पुलिस ने किस आधार पर ज्योति पर कार्रवाई की है।

