हरियाणा में 24 घंटे में कोरोना के 12 नए मरीज मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा 10 मरीज गुरुग्राम और दो फरीदाबाद में मिले। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के कुल एक्टिव केस 100 पहुंच गए हैं
हालांकि राहत की बात यह है कि पूरे प्रदेश में सिर्फ एक कोरोना संक्रमित मरीज पानीपत के अस्पताल में भर्ती है। अब तक कुल 181 संक्रमित मिल चुके हैं,
जिनमें से 81 ठीक हो चुके हैं। गुरुग्राम में 41 और फरीदाबाद में 28 एक्टिव केस हैं। कोरोना को लेकर हरियाणा स्वास्थ्य विभाग लगातार एडवाइजरी जारी कर रहा है।
हरियाणा में कोरोना से प्रभावित जिलों में कोविड 19 की नई लहर को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विदेश से आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने फैसला किया है कि बुखार, खांसी या कोविड जैसे अन्य लक्षण वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की अनिवार्य रूप से कोविड जांच की जाएगी। ऐसे यात्रियों को जांच रिपोर्ट आने तक घर पर ही रहना होगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोविड पॉजिटिव पाए गए कई मरीजों का अंतरराष्ट्रीय यात्रा का इतिहास रहा है। इसके अलावा, 8 से 10 लोगों ने गोवा और मुंबई जैसे पर्यटन स्थलों की भी यात्रा की थी, और इन सभी ने हवाई यात्रा की थी।
स्वास्थ्य विभाग ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए विशेष टीमें लगाने की योजना बनाई है। ये टीमें यात्रियों की स्क्रीनिंग करेंगी और लक्षण दिखने पर तुरंत सैंपल लेंगी। टेस्टिंग प्रक्रिया को तेज करने के लिए एक दर्जन कोविड टेस्टिंग सेंटर सक्रिय किए गए हैं।
इसके अलावा, अस्पतालों को नए सिरे से कोविड मरीजों के लिए बेड, ऑक्सीजन और अन्य चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गुरुग्राम की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अलका सिंह ने बताया कि गुरुग्राम में हाल के सप्ताहों में कोविड मामलों में तेजी से वृद्धि देखी गई है। गुरुग्राम एक कॉस्मोपॉलिटन शहर है, जहां बड़ी संख्या में लोग विदेशों से आते-जाते हैं।
संभावना है कि विदेश से आए कुछ यात्रियों के माध्यम से वायरस का प्रसार हुआ है।उन्होंने कहा कि पाबंदियों की कमी के कारण मामले बढ़ रहे हैं, जिसे नियंत्रित करना जरूरी है। समय पर टेस्टिंग और निगरानी से स्थिति को काबू में लाया जा सकता है।
