हरियाणा के करनाल में एक युवक ने क्लासमेट रही युवती के घर जाकर आत्मदाह कर लिया। जानकारी के अनुसार युवक पेट्रोल की बोतल लेकर उसके घर गया था। वहां उसने खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गर्लफ्रेंड ने ही उसे मिलने के लिए घर पर बुलाया था। वहां लड़की के पिता और परिवार के अन्य लोगों ने उसे जिंदा जलाकर हत्या कर दी। युवक के परिजनों के आरोप के बाद पुलिस जांच की बात कह रही है।

वहीं युवती के परिजन घटना पर कुछ बोल ही नहीं रहे। पुलिस ने अभी किसी पर मामला दर्ज नहीं किया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। युवक का शव कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रखा हुआ है। बयान दर्ज होने के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

पुलिस के अनुसार मरने वाला युवक कटा बाग निवासी 22 वर्षीय संदीप ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के लिए डिलीवरी बॉय का काम करता था। पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात जुंडला गेट की रहने वाली एक युवती से हुई थी। तभी से वह उसके संपर्क में था। संदीप बार-बार युवती को कॉल करके परेशान करता था।15 दिन पहले युवती ने तंग आकर अपने घरवालों को संदीप की हरकत के बारे में बताया। इसके बाद संदीप के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दी गई थी। शिकायत के बाद दोनों पक्षों को महिला थाने में बुलाया गया था। यहां संदीप और उसके परिजनों ने अपनी गलती मानी थी। इस पर दोनों पक्षों का समझौता हो गया। इस बात ये संदीप काफी नाराज था।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार को दोपहर साढ़े 3 बजे संदीप जुंडला गेट स्थित युवती के घर पहुंचा। उसके हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। उसने घर के सामने खड़े होकर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। यह देख वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार युवती के परिवारवालों ने किसी तरह आग बुझाई। वह बुरी तरह से झुलस चुका था। उसे तुरंत ही इलाज के लिए अस्पताल में लेकर जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। प्राथमिक उपचार देने के बाद युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग चंडीगढ़ ले जाने के बजाय उसे करनाल के ही प्राइवेट अस्पताल में ले गए। यहां रात 9 बजे उसने दम तोड़ दिया।

संदीप के पिता महेंद्र के मुताबिक सूचना मिलते ही वे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां संदीप ने उन्हें बताया कि युवती ने उसे फोन करके बुलाया था। संदीप को लगा कि युवती घर पर अकेली होगी और वह उससे मिलकर आ जाएगा, लेकिन वहां युवती के पिता और अन्य लोग मौजूद थे, जिन्होंने उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगने के बाद वह गली में बाहर आ गया।

महेंद्र ने आगे कहा कि लोग कह रहे हैं कि यह एकतरफा प्यार था, जबकि संदीप और युवती स्कूल के समय से ही एक दूसरे को प्यार करते थे, लेकिन उनके घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। पहले जब उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी, तब परिवार वालों ने धमकी दी थी कि अगर संदीप दोबारा उनके घर के आसपास दिखा तो वे खुद ही उससे निपट लेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामलें की जांच में जुटी हुई है I

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!