हरियाणा के सिरसा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिले के महाराणा प्रताप चौक के निकट सुबह 6 बजे के करीब एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई, ये बस महिला कांस्टेबल की परीक्षा देने यमुनानगर गए परीक्षार्थियों को लेकर लौट रही थी। बस कल शाम को यमुनानगर से सिरसा के लिए चली थी। बताया जा रहा है कि बस की हेड लाइट खराब होने व तेज रफ्तार की वजह से हादसा हुआ है। हादसे में 11 परीक्षार्थियों को गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों में ममता रानी पुत्री हंस राज गांव पंजुआना, किरण पुत्री मनी राम कुस्सर, बिंदु रानी पुत्री गुरचरण सिंह गांव झिड़ी, शर्मिला रानी पुत्री राम चन्द्र गांव खारियां, पूजा पुत्री बंसी लाल पंजुआना शामिल हैं। सभी का नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनके अलावा कविता रानी पुत्री धोलू राम गांव फरवाई कलां, मनिद्र रानी पुत्री तुलसा राम, ज्योत्सना रानी पुत्री महेंद्र सिंह गांव ढुकडा, हंस राज पुत्र राम लाल, शशि सुमन पुत्री राम गोपाल घोडावाली, हिमांशी पुत्री सुंदर लाल सिरसा और संदेश रानी पुत्री राम चंद्र बणी को भी हादसे में चोटें आई। इनको भी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

बताया गया है कि रविवार को HSSC की ओर से महिला कांस्टेबल भर्ती के लिए लिखित परीक्षा ली गई थी। इसमें परीक्षार्थियों के सेंटर बहुत दूर-दूर दिए थे। सिरसा की युवतियों को 250 किलोमीटर दूर यमुनानगर में परीक्षा देने जाना पड़ा। समय पर पहुंच जाएं और लौट आएं इसको लेकर एक निजी बस हायर की गई थी। कुछ के अभिभावक भी साथ गए थे।

परीक्षार्थी रात को यमुनानगर से चले और सवेरे 6 बजे के आसपास वे सिरसा पहुंचे तो यहां उनकी प्राइवेट बस महाराणा प्रताप चौक पर पलट गई। परीक्षार्थी नींद में थे। एकाएक हुए हादसे से वे एक दूसरे के नीचे दब गए। इससे महिला परीक्षार्थियों में चीख पुकार मच गई। लगभग सभी को हादसे में चोटें आई, लेकिन 8 छात्राओं को इसमें गंभीर चोटें आई और सिरसा के नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बस सवार लोगों ने बताया कि बस की हेडलाइट खराब थी और ड्राइवर तेज गति से भी चला रहा था। महाराजा प्रताप चौक पर कुछ दिखाई न देने के कारण अचानक बस पलट गई। हादसे की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। बस पलटी पड़ी थी और सामान बाहर बिखरा पड़ा था। पुलिस छानबीन में लगी है।

हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिरसा पुलिस जांच में लगी है। पलटी हुई बस को उठाने के लिए जेसीबी भी मौके पर बुलाई गई। पुलिस घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल अस्पताल में 11 घायलों का इलाज चल रहा है। कुछ ऐसे भी हैं जिनको मामली चोटें थी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!