प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने 14 अप्रैल को एक दिवसीय हरियाणा दौरे पर आ रहे हैं। यह जानकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। सीएम ने कहा कि इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री यमुनानगर थर्मल प्लांट की तीसरी इकाई और हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।
वहीं अब प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर भाजपा सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरे के तहत यमुनानगर थर्मल प्लांट की तीसरी इकाई का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे प्रदेश की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। इसके अलावा हिसार एयरपोर्ट के उद्घाटन से राज्य में हवाई सेवाओं का विस्तार होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
पीएम मोदी का यह दौरा हरियाणा के लिए विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साथ ही, आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए यह भाजपा के लिए भी अहम होगा। प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत और रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दौरे से हरियाणा में इन्फ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसरों के खुलने की उम्मीद है।
हरियाणा में गन कल्चर पर बोलते हुए सीएम नायब सिंह ने कहा, सभ्य समाज के लिए इस पर रोक जरूरी है। समाज को एक ऐसी दिशा देना समाज का ही दायित्व होता है। फिल्मों का जब कल्चर आता है तो लोग उनसे भी प्रेरणा लेते हैं। गानों से भी प्रेरणा लेते हैं। अच्छे गाने आएंगे तो लोग अच्छा सीखेंगे। सीएम ने यह भी कहा कि गन कल्चर को लेकर यदि जरूरत पड़ी तो इसके लिए विधानसभा में कानून भी लाएंगे।
