हरियाणा में आज से मौसम बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ (WD) के प्रभाव के कारण कारण हरियाणा के दक्षिण-पश्चिम इलाकों में बूंदाबांदी और बादलवाई की संभावना जताई गई है। सुबह से ही दक्षिण-पश्चिम जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखीदादरी में आसमान में बादल छाए हुए हैं और यहां हल्की बूंदाबादी हो सकती है।

वहीं बाकी हरियाणा में आंशिक बादलवाई देखने को मिल सकती है। दक्षिण हरियाणा के जिलों में तापमान अधिक रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी गई है। इसका प्रभाव मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आएगा।

एक सप्ताह तक तापमान सामान्य या उससे कम बना रहेगा। मगर WD का प्रभाव खत्म होने के बाद एक बार फिर फरवरी के अंतिम सप्ताह में गर्मी बढ़ेगी। अभी हरियाणा के दक्षिण जिले के फरीदाबाद में सबसे अधिक तापमान 28.9 डिग्री दर्ज किया गया है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 21 फरवरी तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी-विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 18 फरवरी से 20 फरवरी के दौरान बीच-बीच में हवाओं में बदलाव आने से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है।

मगर 18 फरवरी को दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी और 20 फरवरी को उत्तरी और दक्षिण-पश्चिम हरियाणा के ज्यादातर क्षेत्रों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। परंतु 21 फरवरी के बाद राज्य में मौसम आमतौर पर खुश्क और रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!