रोहतक में कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव में पार्षदों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने 22 वार्डों में से अभी 17 वार्डों में अपने उम्मीदवारों की लिस्ट निकाली है, जिसमें मात्र दो ही पुराने चेहरों को मौका दिया गया है, जबकि 15 नए चेहरे चुनाव मैदान में है।

कांग्रेस ने भाजपा की लिस्ट को ध्यान में रखते हुए अपने उम्मीदवारों को पार्षद का टिकट दिया है। लेकिन अभी भी केवल 17 वार्डों के लिए ही लिस्ट जारी की गई है, जबकि नामांकन का सोमवार को अंतिम दिन है। क्या कांग्रेस पांच वार्डों में अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी या उनकी लिस्ट सुबह जारी करेगी।
कांग्रेस की लिस्ट में कदम सिंह अहलावत वार्ड 12 से उम्मीदवार बनाए गए है, जबकि पहले भी वह इसी वार्ड से पार्षद है और कांग्रेस में आस्था रखते हैं। वहीं वार्ड 20 से पार्षद अनिल कुमार 2015 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए थे और विधानसभा चुनाव 2024 से पहले वापस कांग्रेस में आए है। लगातार दो बार पार्षद बने और पिछली बार तो डिप्टी मेयर भी रहे है।

कांग्रेस ने इस बार 15 नए उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। इनमें वार्ड 1 से वीरेंद्र सिंह, वार्ड 2 से अशोक कुमार, वार्ड 3 से मोनिका रानी, वार्ड 4 से सपना, वार्ड 5 से संदीप, वार्ड 6 से मीनाक्षी जैन, वार्ड 7 से संजय मलिक और वार्ड 8 से शारदा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

वहीं, वार्ड 11 से परीक्षित देशवाल, वार्ड 13 से यशवीर सिंह खरब, वार्ड 14 से आरती जुनेजा, वार्ड 15 से संजय कुमार, वार्ड 19 से विजय कुमार गोयल, वार्ड 21 से शमशेर सिंह और वार्ड 22 से योगिता चुनाव मैदान में उतरे है।
