हरियाणा में मार्च में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने इंचार्ज लगा दिए हैं। भाजपा ने नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका, 2 मेयर और 3 चेयरमैन के उपचुनाव को लेकर 39 नेताओं की ड्यूटी लगाई है। लिस्ट में पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक से लेकर चेयरमैन तक के नाम हैं।

ये नेता अपने-अपने जिलों में उम्मीदवारों के चयन से लेकर उनके प्रचार की जिम्मेदारी देखेंगे। इससे पहले कांग्रेस निकाय चुनाव को लेकर लिस्ट जारी कर जिला लेवल पर प्रभारियों की नियुक्त कर चुकी है।

7 नगर निगमों समेत 40 निकायों में 2 मार्च को वोटिंग होगी। जबकि पानीपत नगर निगम में वोटिंग 9 मार्च को होगी। सभी जगह के नतीजे एक साथ 12 मार्च को आएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी धनपत सिंह के मुताबिक फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, हिसार और करनाल में मेयर और सभी वार्डों के चुनाव होंगे। सोनीपत और अंबाला में सिर्फ मेयर के लिए चुनाव होंगे क्योंकि यहां से मेयर निखिल मदान और शक्तिरानी शर्मा विधायक चुने जा चुके हैं।

नगर परिषद सोहना और नगर पालिका असंध व इस्माइलाबाद में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव हाेंगे। इसके अलावा पटौदी, थानेसर, सिरसा और अंबाला सदर नगर परिषद में सभी पदों पर चुनाव होंगे। 21 नगर पालिकाओं में अध्यक्ष और वार्ड मेंबर के चुनाव होंगे।

विधानसभा चुनाव में जीत के बाद हरियाणा भाजपा पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह सभी नगर पालिकाओं का चुनाव अपने पार्टी चिन्ह पर लड़ेगी। कांग्रेस परंपरागत रूप से मेयर सहित नगर निगमों का चुनाव अपने पार्टी चिन्ह पर लड़ती है। हालांकि, इसको लेकर औपचारिक निर्णय अभी पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाना है। आम आदमी पार्टी (AAP) भी सभी निकाय चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़ने की घोषणा कर चुकी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!