मां-बेटी का रिश्ता इस दुनिया में सबसे मजबूत रिश्तों में से एक है। माना जाता है कि जो इमोशनल बॉन्डिंग एक मां अपनी बेटी के साथ रखती है, वह शायद किसी और रिश्ते में संभव नहीं है। लेकिन क्या हो अगर कोई बेटी ही अपनी मां के खून की प्यासी हो जाए? चरखी दादरी जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जिसमें एक बेटी ने अपनी ही मां को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। वह खेत से लकड़ी लाने के बहाने मां को लेकर गई थी। इसके बाद मौका देखकर उसने वारदात को अंजाम दिया और शव वहीं छोड़कर फरार हो गई।
बाद में ग्रामीणों ने शव खेत में पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और चरखी दादरी के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। जिस कुल्हाड़ी से महिला की हत्या की गई, वह भी पुलिस ने बरामद कर ली है। इसके बाद से बेटी की तलाश जारी है।
मृतका की पहचान ऊषा देवी (45) के रूप में हुई है। वह चरखी दादरी के गांव पैतांवास कलां की रहने वाली थी। सिविल अस्पताल पहुंचे मृतका के पति सुनील कुमार ने बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी निक्कू ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
सुनील ने बताया- यह मामला बुधवार शाम का है। मैं शादी में गया हुआ था। शाम को थोड़ा अंधेरा होने के बाद गांव के ही कुछ लोग खेतों थे। उन्होंने वहां देखा कि एक महिला का शव पड़ा हुआ है। वह उसे पहचान नहीं पाए, क्योंकि साफ नहीं दिख रहा था और शव खून से भी सना हुआ था।
इसके बाद लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दे दी। थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान के लिए गांव के कुछ और लोगों को बुलाया। तब पता चला कि यह ऊषा है। इसके बाद यह भी बात सामने आई कि ऊषा अपनी बेटी निक्कू के साथ खेतों की ओर आई थी।
सुनील का कहना है कि निक्कू की शादी 2022 में भिवानी जिले के सोहन खरकड़ी गांव के रहने वाले अजय के साथ हुई थी। इन दोनों का एक छोटा बेटा भी है। शादी के कुछ दिन बाद ही अजय ने यह कहकर हमें परेशान करना शुरू कर दिया था कि उसे निक्कू पसंद नहीं है।
अजय को निक्कू की छोटी बहन नेहा (18) पसंद थी। वह चाहता था कि उसकी शादी नेहा से हो जाए। इसके लिए उसने निक्कू को करीब 16 महीने पहले तलाक दे दिया था। हालांकि, तलाक के बाद भी निक्कू अजय के साथ उसके घर में ही रह रही थी।
सुनील ने कहा कि नेहा नाबालिग थी, इसलिए अजय उसे अपने साथ नहीं ले जा पा रहा था। इसलिए, उसने तब तक निक्कू को अपने पास रखा। इसके बाद बीते साल 24 दिसंबर को वह निक्कू को मायके छोड़ गया और हाल ही में बालिग हुई नेहा का किडनैप कर ले गया। तब से निक्कू मायके में ही रह रही थी।
अजय निक्कू से कह रहा था कि वह दोनों बहनों को साथ रख लेगा या निक्कू की शादी कहीं अच्छे घर में करवा देगा। निक्कू अजय पर विश्वास करती थी और उसकी हर बात मानती थी, लेकिन अजय की नीयत ऊषा समझती थी, इसलिए वह तैयार नहीं थी।
सुनील ने बताया है कि अजय की बातों में आकर निक्कू मायके में रहकर घरवालों को परेशान करने पर तुली हुई थी। रोजाना अपने पति को लेकर झगड़ा करती थी। उसे लगता था कि उसकी मां उसके पति के साथ उसकी बात नहीं बनने दे रही है। इसलिए, बुधवार को उसने अपनी मां को कुल्हाड़ी से काट डाला। इसके बाद वह अपने पूर्व पति के पास ही भिवानी भाग गई है। अपने बच्चे को भी साथ ले गई है।
सुनील कुमार ने इस पूरी वारदात का जिम्मेदार अजय, निक्कू, नेहा और अजय की बहन पूनम को माना है। उन्होंने मांग की है कि सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
