संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर हरियाणा के रोहतक जिले में किसान आंदोलन की लंबित मांगों को लेकर किसान और मजदूर गणतंत्र दिवस पर शहर में ट्रैक्टर और बाइक परेड निकालेंगे।

परेड की तैयारियों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के सदस्य रोहतक के गांवों का दौरा कर रहे हैं। अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश महासचिव सुमित दलाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर एक तरफ सरकार परेड देखेगी, वहीं दूसरी तरफ किसान पूरे प्रदेश में ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे।

ट्रैक्टर मार्च रोहतक की नई अनाज मंडी से शुरू होकर दिल्ली बाईपास पर समाप्त होगा। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।

किसान सभा के प्रदेश महासचिव सुमित दलाल ने कहा कि 13 महीने के किसान आंदोलन के बाद केंद्र सरकार को तीन कृषि कानूनों को रद्द करना पड़ा, लेकिन सरकार नई कृषि व्यापार नीति के जरिए इन कानूनों को फिर से लागू कर रही है, जिससे आने वाले समय में सरकारी मंडियां बंद हो जाएंगी और निजी मंडियां स्थापित हो जाएंगी। इस नई नीति में कहीं भी किसानों को एमएसपी देने का जिक्र नहीं है।

किसान सभा के जिला अध्यक्ष प्रीत सिंह ने कहा कि सरकार की नई नीति में किसानों की जमीन हड़पने के लिए कॉरपोरेट खेती को बढ़ावा देने के नियम बनाए गए हैं। बिजली कानूनों के जरिए स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को लागू किया जा रहा है।

इसलिए इन लंबित मांगों को हल करवाने के लिए हर साल की तरह 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर किसानों के ट्रैक्टर सड़कों पर उतरेंगे।

किसान सभा के नेताओं ने बताया कि रोहतक में किसान नई अनाज मंडी में एकत्रित होकर भिवानी चुंगी, पुराना बस स्टैंड, भिवानी स्टैंड होते हुए दिल्ली बाई पास पर मार्च का समापन करेंगे।

किसानों ने ट्रैक्टर मार्च के लिए गांव सुनारियां, बलम, ककराना, मांढौधी, मायना व शिमली में ग्रामीणों को जागरूक किया।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!