गुरुग्राम से दुखद घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर छाई रहने वाली आरजे और इन्फ्लुएंसर सिमरन सिंह की मौत की खबर ने लोगों को हैरान किया है। जम्मू की मशहूर रेडियो जॉकी (RJ) सिमरन सिंह (25) ने सुसाइड कर लिया। सिमरन की लाश गुरुग्राम के सेक्टर 47 स्थित कोठी नंबर 58 में मिली। पुलिस की शुरूआती जांच के मुताबिक सिमरन ने कोठी के कमरे में फंदा लगाया। इसके बारे में सिमरन के साथ रहने वाले ही एक दोस्त ने पुलिस को सूचना दी।
यहां सिमरन समेत कुछ दोस्तों ने मिलकर यह कोठी किराए पर ली थी। सिमरन सोशल मीडिया पर काफी फेमस थी। उसे ‘जम्मू की धड़कन’ के नाम से जाना जाता था। इंस्टाग्राम पर उसके 6 लाख फॉलोअर्स थे। सिमरन ने आखिरी पोस्ट 13 दिन पहले की थी।
जिसमें उसने समुद्र तट पर डांस करते हुए वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें लिखा था– ‘’अंतहीन खुशी और अपने गाउन के साथ समुद्र तट पर बस एक लड़की।’’ गुरुग्राम पुलिस ने उसके शव को पोस्टमॉर्टम के बाद वारिसों के हवाले कर दिया है।
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक यह मामला बुधवार का है। सिमरन मूल रूप से जम्मू के नानक नगर की रहने वाली थी। उसने जम्मू में ही RJ के तौर पर रेडियो मिर्ची जॉइन किया था। कुछ साल काम करने के बाद वह RJ के तौर पर खूब मशहूर हुईं।
इसके बाद उसने 2021 में नौकरी छोड़ दी और दिल्ली आ गई। यहां आकर वह गुरुग्राम में रहने लगी। गुरुग्राम में रहने के दौरान वह फ्रीलांस तौर पर काम करती थी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर खूब सक्रिय रहती थी। वह इंस्टाग्राम पर शॉर्ट वीडियो पोस्ट करती रहती थी।
उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। हालांकि पिछले कुछ दिनों से उसने कोई वीडियो या रील वगैरह पोस्ट नहीं की थी। उसके इंस्टाग्राम पर आखिरी वीडियो 13 दिसंबर को पोस्ट की गई थी। जिसमें उसने अपना डांस करते हुए वीडियो भी शेयर किया था।
गुरुग्राम पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि उन्हें बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे RJ सिमरन सिंह के एक दोस्त ने पुलिस को फोन किया। वह भी उसी घर में रहता था। उसने पुलिस को बताया कि सिमरन ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया है और दरवाजा नहीं खोल रही है। पुलिस टीम तब कोठी पर पहुंची तो दरवाजा बंद था। पुलिस किसी तरह से कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई तो सिमरन का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सिमरन के पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला, जिससे उसके खुदकुशी करने के कारण का पता चल सके। पुलिस ने कोठी से सबूत वगैरह खंगाले। जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में भेज दिया गया।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि इसके बाद सिमरन के परिवार को सूचित किया गया। इसके बाद परिवार के सदस्य गुरुग्राम पहुंचे। उन्होंने कहा कि सिमरन कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। हालांकि इसकी स्पष्ट वजह उन्हें भी मालूम नहीं है। पुलिस ने सिमरन के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसके माता–पिता को सौंप दिया।
गुरुग्राम थाना सदर पुलिस थाने के SHO इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने कहा कि सिमरन सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ कोठी में किराए पर रहती थी। उसने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। उसके माता-पिता द्वारा कोई शिकायत नहीं की गई। जिस वजह से शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले की आगे की जांच की जा रही है।
