हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। उत्तर दिशा से चल रही हवाएं भी ठिठुरन बढ़ा रही हैं।
मौसम विभाग ने 12 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात शामिल हैं। कोहरे के कारण विजिबिलिटी यहां 50 मीटर तक हैं।
वाहन चालकों को धुंध में एहतियात से चलने की सलाह दी गई है। कोहरे का यह दौर 29 दिसंबर तक जारी रहेगा। इसके अलावा 26 से पहाड़ों में एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण 27 से सूबे के कुछ जिलों में ओले गिरने के भी आसार हैं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि 26 दिसंबर यानी आज से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान हल्की गति से उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है।
इस दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 26 दिसंबर की रात से हवाओं के रुख में बदलाव आ रहा है। इससे उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है।
27 व 28 दिसंबर को प्रदेश में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। उत्तरी व दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी की भी संभावना है, लेकिन 29 दिसंबर से मौसम शुष्क रहेगा।
