हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार (10 दिसंबर) सुबह एक क्लब के बाहर ब्लास्ट हो गया। क्लब को निशाना बनाकर 2 सुतली बम फेंके गए। ब्लास्ट से क्लब के बाहर खड़ी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। धमाका इतना जोरदार था कि दूर तक उसकी आवाज सुनाई दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। क्लब और इसके आसपास लगे CCTV खंगाले जा रहे हैं। एक युवक को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया है। उससे 2 बम बरामद हुए हैं।
पुलिस को शक है कि ब्लास्ट के तार लॉरेंस गैंग से जुड़े हो सकते हैं। लॉरेंस गैंग ने कुछ दिन पहले साइड वाले क्लब को फिरौती न देने पर बम से उड़ाने की धमकी दी थी। फिलहाल क्लब के बाहर पुलिस तैनात की गई है।
इससे पहले, 26 नवंबर को चंडीगढ़ के 2 क्लबों के बाहर ब्लास्ट हुए थे। ब्लास्ट की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस के साथी गोल्डी बराड़ ने ली थी। इस मामले में पुलिस ने हिसार के 2 युवकों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया था कि गुरुग्राम के पब संचालक को लॉरेंस के नाम पर धमकी दी थी।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह 5 बजे के करीब सेक्टर 29 में ह्यूमन पब क्लब के बाहर एक के बाद एक 2 बम फेंके गए। बम की धमकी टॉय बॉक्स पब को दी गई थी, लेकिन बम ह्यूमन पब क्लब के बाहर गिर गया। बम को क्लब के अंदर फेंका गया था, लेकिन वह बोर्ड से टकरा कर बाहर आ गया। इससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हुई मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंची तो वहां एक सुतली बम पड़ा हुआ था।

गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्वैट टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। एक युवक को बम एवं हथियार के साथ काबू किया। युवक की पहचान मेरठ के रहने वाले सचिन के रूप में हुई। वह नशे में था। उससे 2 बम बरामद हुए हैं। बम निरोधक टीम को घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाए। टीम ने बम निष्क्रिय कर दिए हैं। युवक से पूछताछ की जा रही है।
