दक्षिण भारत में आए तूफान फेंगल का असर आज से उत्तर भारत में भी देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने फेंगल के कारण हरियाणा समेत अन्य उत्तरी राज्यों में घना कोहरा और खराब वायु गुणवत्ता की संभावना जताई है।

IMD ने चेतावनी दी है कि आज से एक दिसंबर तक घने कोहरे से प्रभावित रहेंगे। इससे दैनिक गतिविधियों और दृश्यता में बाधा आ सकती है। इसे देखते हुए हरियाणा के 17 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। सिरसा का अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। सोनीपत का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने जिन जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है, उनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, महेंद्रगढ़, सिरसा, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं।

मौसम विभाग ने इन जिलों में विजबिलिटी 50 से 100 मीटर के बीच रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही वाहन चालकों को सचेत किया गया है कि कोहरे के दौरान अपने वाहनों में फॉग लैंप और अन्य जरूरी सुविधाएं साथ रखें।

प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलने के बाद बुधवार यानी आज से कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने सभी उपायुक्तों को छुट्टी के संबंध में दिए गए अधिकार भी वापस ले लिए हैं। भविष्य में प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में शिक्षा विभाग इस पर फैसला लेगा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की गाइडलाइन के बाद यह फैसला लिया गया है।

मंगलवार को हरियाणा में सिर्फ बहादुरगढ़ शहर की हवा खराब श्रेणी में रही। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 315 दर्ज किया गया। बाकी शहरों का एक्यूआई 200 से 300 रहा। इनमें गुरुग्राम 289, सोनीपत 288, बल्लभगढ़ 286, भिवानी 227, फरीदाबाद 215 और पानीपत 238 रहा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा प्रदेश में 27 नवंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने के कारण सुबह-सुबह और रात के समय हल्का से मध्यम कोहरा या स्मॉग छा सकता है।

इस दौरान रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी और दिन के तापमान में मामूली कमी आने की संभावना है। 26 नवंबर यानी आज से फिर से हल्की गति से उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिसके कारण 27 नवंबर तक रात के तापमान में मामूली कमी आने की संभावना है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!