सिरसा में मंगलवार (19 नवंबर) देर रात प्रीत नगर इलाके में पति ने पत्नी के सिर पर रॉड मारकर उसकी हत्या कर दी। परिवार के मुताबिक पत्नी ने पति को शराब पीने से मना किया था। इस बात पर पति भड़क गया और उसने पत्नी पर हमला कर दिया।

बुधवार को पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। शहर थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मृतका की पहचान अबूतगढ़ निवासी हरप्रीत कौर (33) के रूप में हुई है। उसकी 16 साल पहले भूना निवासी दर्शन सिंह उर्फ बलजिंदर सिंह के साथ शादी हुई थी। करीब 2 महीने पहले हरप्रीत कौर और दर्शन सिंह ने प्रीत नगर में किराए पर मकान लिया था।
मंगलवार रात को दामाद दर्शन ने हरप्रीत कौर के सिर पर रॉड मारकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। आसपास के लोगों से उसे बेटी की हत्या की सूचना मिली। जब वह मौके पर पहुंचा तो हरप्रीत कौर का शव चारपाई पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।
