रोहतक के गांव मकड़ौली कलां निवासी विनय कुमार ने बताया कि 1-2 नवंबर की रात करीब सवा 12 बजे वह अपने दोस्त विशाल के साथ कार में सवार होकर रोहतक शहर से मकड़ौली टोल पर जा रहे थे। इस दौरान जब वे चमारिया मोड़ के पास पहुंचे तो अचानक एक चालक उनकी कार के सामने आ गया।
उसे गाड़ी ठीक से चलाने के लिए कहा तो उसके साथ बैठा व्यक्ति गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद वे वहां से चले गए। इसके बाद वे अपनी वर्कशॉप में आ गए। जब वे वर्कशॉप के सामने खड़े थे तो एक गाड़ी आई। उसमें से 2 व्यक्ति उतरकर आए। जिन्होंने विनय व उसके दोस्त विशाल के साथ लात-घुसे से मारपीट शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने विनय के सिर पर लोहे की पाइप से हमला किया। इसी दौरान दूसरी गाड़ी भी वहां आई। जिसमें 4 लोग सवार थे। उन्होंने दोनों पर लात-घुसे से हमला किया। सभी छह आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
वहीं करीब 15 मिनट बाद फिर से आरोपी वर्कशॉप पर आए। जिन्होंने गाड़ी की टक्कर मारी और फिर मारपीट करने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। इस हमले में घायल को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई भर्ती करवाया। इसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
