रोहतक में दीपावली के दिन राजस्थान के रहने वाले दादी-पोता को प्राइवेट बस ने कुचल दिया। जिसके कारण दादी की मौत हो गई। वहीं पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। उनका परिवार दीपावली पर गाड़ियों की डेकोरेशन करके कमाई करने आए थे। रोहतक के सांपला में जब दुकान से डेरे पर बेटी को संभालने जा रही महिला व उसके पोते को बस ने कुचल दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
राजस्थान के जिला सीकर के पावर हाउस लक्ष्मण गढ़ वार्ड नंबर 23 निवासी असलम ने सांपला थाना पुलिस को शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि वे सोनीपत के गांव सबलपुरा में किराए के मकान में रहते है। उनको पांच बच्चे (3 बेटी व 2 बेटे) हैं। उसकी बेटी जुली व बेटा बबलू शादीशुदा है और अन्य अविवाहित। उसके बेटे बबलू को 2 बच्चे हैं। बड़ा लड़का करीब 4 वर्षीय आशीफ व छोटी बेटी करीब डेढ़ वर्षीय काशिफ है। वह गाड़ी डेकोरेशन का काम करते है और हर साल दिवाली पर सांपला में काम करने आते हैं।
उन्होंने बताया कि सांपला में पुराना दिल्ली रोड पर चार दुकानें गाड़ियों के श्रृंगार की लगा रखी थी। 31 अक्टूबर को सुबह करीब सवा 7 बजे वह अपनी पत्नी जरीना व पोते आशीफ के साथ दुकान पर गए थे। इसके बाद उसकी पत्नी जरीना अपने पोते के साथ लड़की को संभालने के लिए चली। जैसे ही कुछ दूर चली तो एक प्राइवेट बस चालक अपनी बस को बैक (पीछे) कर रहा था। चालक ने लारपवाही से बस चलाते हुए दादी-पोते को टक्कर मार दी। इसके कारण जरीना के सिर व आशीफ के पैरों आदि शरीर पर गंभीर चोटें आई। जिन्हें उपचार के लिए रोहतक पीजीआई लेकर आए। जहां पर चिकित्सकों ने जरीना को मृत घोषित कर दिया और आशीफ का उपचार चल रहा है।
सांपला थाना के जांच अधिकारी प्रदी कुमार ने बताया कि उन्हें एक महिला व बच्चे के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी। वहीं मृतका के पति की शिकायत मिली है। जिसके आधार पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया हैं। वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
