रोहतक के गांव भालौठ निवासी एक प्लंबर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात उसम समय हुई जब प्लंबर अपने करीब एक साल पहले किए हुए काम के पैसे लेने के लिए मकान मालिक के पास गया हुआ था। इसी दौरान प्लंबर पर लाठी-डंडे व तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें प्लंबर को गंभीर चोटें आई। जिसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
रोहतक के गांव भालौठ निवासी रोबिन ने घिलौड़ कलां पुलिस चौकी में शिकायत दी। जिसमें बताया कि वह तीन भाईयों में बीच है और प्लंबर का काम करता है। उसने करीब एक साल पहले उनके मामा के गांव कटवाड़ा निवासी तेजपाल के मकान पर प्लंबर का काम किया था। उस काम के करीब 10 हजार रुपए बनते थे, जिसमें से आधे उसने दे दिए और आधे बकाया थे। 13 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 8 बजे तेजपाल ने बुलाया।
रोबिन ने कहा कि वह अपने मामा के लड़के बंटी के साथ रुपए लेने के लिए तेजपाल के घर चला गया। रुपए देने को लेकर आरोपी ने गाली-गलौज किया और हाथापाई तक उतारू हो गया। आरोपी ने अपने मकान में रखी लाठी से उसके सिर पर हत्या के इरादे से हमला कर दिया। उसके बाद भगत सिंह ने पीठ पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में आरोपी तेजपाल की पत्नी व मां भी शामिल रही। इसके बाद घायल को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया। वहीं मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
