हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर रोहतक जिले की 4 विधानसभा सीटों पर वोटिंग के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री वितरित की गई। जिसके लिए जाट शिक्षण संस्था में सेंटर बनाया गया। जहां पर सभी पोलिंग पार्टियों को बुलाया गया आर चुनाव सामग्री वितरित की गई।
चुनाव सामग्री किट में इस बार पोलिंग पार्टियों की स्वच्छता का भी ध्यान रखा गया है। इसलिए किट में पहली बार शैंपू, ब्रश, साबुन और टूथपेस्ट आदि को भी शामिल किया गया है। ताकि पोलिंग पार्टियों को इससे फायदा हो। वहीं चुनाव सामग्री लेने के बाद सभी पोलिंग पार्टियों ने अपनी-अपनी सामग्री को संभाला।
रोहतक जिले की बात करें तो 4 विधानसभा सीट (रोहतक, महम, कलानौर और गढ़ी-सांपला-किलोई) हैं। जिले की चारों सीटों पर 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। जबकि जिले में कुल वोटर 8 लाख 31 हजार 166 हैं और कुल 831 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 4 विधानसभा सीट पर कुल 56 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। सबसे ज्यादा उम्मीदवार महम विधानसभा में हैं, जहां कुल 19 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
भारतीय चुनाव आयोग की हिदायतों अनुसार मतदान केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में मतदान के दिन ना तो प्रचार किया जा सकता है तथा ना ही राजनीतिक दल अथवा चुनाव प्रत्याशी द्वारा बूथ स्थापित किया जा सकता है। 200 मीटर के बाहर भी 10 बाई 10 फुट के बूथ में भी केवल 2 मेज और कुर्सी लगाई जा सकती हैं, यहां किसी प्रकार का पोस्टर, झंडा या चुनाव चिह्न नहीं लगाया जा सकता।
