रोहतक पुलिस ने गांव किलोई के तालाब में मिली लाश के मामले में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है

सदर थाना प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि 22 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव किलोई में शमशान घाट के पास तालाब में एक लाश पड़ी हुई है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सड़ी- गली अवस्था मे लाश को तालाब से बाहर निकाला गया।
लाश की शिनाख्त गांव किलोई दोपाना निवासी अशोक के रुप में हुई। मृतक अशोक के बेटे रवि की शिकायत के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अशोक राजमिस्त्री का काम करता था। वारदात से 3-4 दिन पहले अशोक अपने घर से चला गया था। रवि ने अपने पिता को तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। 22 सितंबर को रवि को पता चला कि गांव बराला जोहड़ में शमशान घाट के पास एक लाश पड़ी है। रवि ने जाकर देखा तो लाश सड़ी-गली हुई अवस्था में थी।
जांच अधिकारी एएसआई जितेंद्र ने इस वारदात को अंजाम देने वाले गांव किलोई निवासी कर्ण उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। जांच मे सामने आया कि अशोक व कर्ण सिंह आपस में दोस्त थे। अशोक शराब का सेवन करता था। कर्ण मुंबई में रहता है। 19 सितंबर को ही मुंबई से यहां आया था। कुछ समय पहले कर्ण ने अशोक के लड़के के साथ मारपीट की थी।
जिसमें पंचायती तौर पर राजीनामा हुआ था। जिसमें कर्ण को अपनी बेईज्जती महसूस हुई। कर्ण ने इसी बेइज्जती को बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। 20 सितंबर को कर्ण ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ईंट व चाकू से वार करके अशोक की हत्या कर दी। अशोक के कपडे़ निकालकर लाश को तालाब में फेंक दिया। 22 सितंबर को अशोक की लाश बरामद हुई।
