हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के रोहतक यूनिट के पुलिस उप अधीक्षक सतेंद्र कुमार के आदेशानुसार जागरूकता कार्यक्रम के तहत अग्निवीर टीम द्वारा राजीव गांधी खेल स्टेडियम, रोहतक में युवाओं को नशे की बुराइयों के बारे में जागरूक किया गया।

ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र दलाल व कांस्टेबल राजीव ने कहा कि हम सभी चाहते हैं कि हमारे बच्चे नशे से दूर रहें। कुछ लोग जो स्वयं नशा करते हैं, वे नहीं चाहते कि उनके बच्चे नशा करें, लेकिन नशा परोसने वाले लोग यह नहीं सोचते कि दूसरे लोगों के बच्चे भी हमारे बच्चों जैसे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक माता-पिता का कर्तव्य बनता है कि वे अपने बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करें, क्योंकि कई बार बच्चों को समय ना देने के कारण वे कुसंग में पड़ जाते हैं। माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों के शयनकक्ष का समय-समय पर निरीक्षण करते रहे, ताकि बच्चों के पास कोई आपत्तिजनक वास्तु मिलने पर उसे प्यार से समझाया जा सके।

आज एक ओर नशे के कारण सबसे अधिक पीड़ित नारी शक्ति है तो दूसरी ओर वहीं नारी शक्ति ना केवल नशे के व्यापार में सहभागिता करती है अपितु स्वयं भी नशे के सेवन में पीछे नहीं है। यह अति चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा विधि अनुसार भारत में कोई भी व्यक्ति अफीम, भांग, गांजा, चरस, हेरोइन, स्मैक, चिट्टा, एलएसडी, नशीली गोलियां, नशीले टीके आदि ना अपने पास रखेगा और ना सेवन करेगा। ना खरीदेगा और ना बेचेगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में नार्कोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो का उद्देश्य हरियाणा को नशा मुक्त करना है। इसके लिए ब्यूरो और हरियाणा पुलिस नशे की तस्करी में संलिप्त अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने का कार्य कर रही है। वहीं नशे में ग्रस्त लोगों का निशुल्क उपचार कराया जाता है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!