देश में नौतपा का आज पांचवां दिन है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है। नौतपा के चौथे दिन हरियाणा का सिरसा देश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 50.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पहले स्थान पर राजस्थान का चुरू है। वहां का अधिकतम तापमान 50.5 रिकाॅर्ड किया गया है

सिरसा के बाद हिसार के बालसमंद का तापमान 49.3 और नूंह का तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार में इससे पहले 26 मई 1998 को 48.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इसी तरह करनाल ने भी नया रिकाॅर्ड बनाया। करनाल के उचानी में 46.5 डिग्री तापमान रहा। इससे पहले 29 मई 1962 को 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। हिसार, नारनौल, सिरसा और रोहतक में हालात ज्यादा खराब हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि सिंध, बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आने वाली पश्चिमी शुष्क गर्म हवाओं से ऐसा हो रहा है। ये हवाएं राजस्थान से होकर आ रही हैं, सिरसा जिला राजस्थान के सबसे करीब है, इसलिए इन गर्म हवाओं का सबसे ज्यादा असर सिरसा पर सीधे पड़ रहा है।
