हल्द्वानी से पिथौरागढ़ आ रही टाटा नैक्सा कार चुपकोट बैंड के पास 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में भैया दूज मनाकर लौट रहे दंपती और उनके छह साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम टाटा नैक्सा कार यूके 04 एफ3339  चुपकोट बैंड से आगे 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में धनौड़ा निवासी कार चालक बलवंत सिंह जिमिवाल (37) पुत्र केदार सिंह, पूर्णिमा (32) पत्नी बलवंत सिंह जिमिवाल और भाव्यांश (06) पुत्र बलवंत सिंह जिमिवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार सवार सेना का जवान नवनीत सिंह (29) निवासी नैनीताल और 55वीं वाहिनी एसएसबी में तैनात जिला रायबरेली उत्तर प्रदेश के ग्राम बराह निवासी सुरेंद्र बहादुर (31) पुत्र इंद्र बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम तहसीलदार पंकज चंदोला के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम को सबसे पहले बच्चे का शव बरामद हुआ। इसके बाद महिला पूर्णिमा और कुछ दूरी पर बलवंत सिंह का शव बरामद हुआ।

एसडीआरएफ की सहयोग से घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद घर-परिवार में शोक की लहर है।बताया जा रहा है कि तीनों लोग भैया दूज मनाकर हल्द्वानी से घर लौट रहे थे। मृतक जिमवाल का परिवार मूल रूप से ओगला का रहने वाला था। वर्तमान में जिला मुख्यालय के रई वार्ड में निवास कर रहे थे। बलवंत राजकीय इंटर कॉलेज बांसकोट में तैनात थे और उनकी पत्नी पिथौरागढ़ में ही गेस्ट टीचर थी।

दीपावली मनाने के लिए तीनों अपने परिजनों के पास हल्द्वानी आए थे। यहां लौटते समय हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार सहित कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।

जवानों ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मृतकों और घायलों को बाहर निकालकर घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया है। सामने आया कि भैया दूज के पर्व के दिन गाड़िया कम थी। इसलिए बलवंत सिंह जिमिवाल ने हल्द्वानी से 55वीं वाहिनी में कार्यरत जवान और नैनीताल से भारतीय सेना में कार्यरत जवान को लिफ्ट दी थी।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!