रोहतक पिछले 8 दिन से प्रभावित मथुरा-वृंदावन के लिए बस सेवा फिर से शुरू हो गई है। बस सुबह 10 चलेगी और शाम को 5 बजे पहुंचेगी। हालांकि अभी कटरा जाने वाली बसों के लिए यात्री कम मिल रहे हैं। किसान आंदोलन के कारण चंडीगढ़ जाने वाली बसों का मार्ग बदलकर संचालन कर दिया है। किसान आंदोलन के चलते 19 फरवरी को मथुरा-वृंदावन की बस सेवा प्रभावित हो गई थी। इसके बाद से यात्री कम मिल रहे थे। इस कारण बस का संचालन नहीं हो पाया। अब दो दिन से यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। हालांकि, अभी बीते दो दिन से 15 से 20 यात्री वापस लौट रहे हैं। यह देख डिपो से मथुरा-वृंदावन के लिए बस चलाने का फैसला लिया है।
एक साल पहले शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने के लिए बना प्रोजेक्ट अब धरातल पर आ रहा है। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने सभी प्रक्रिया पूरी ली है। अब केवल कंपनी को चार्जिंग स्टेशन लगाना बाकी है। 15 मार्च तक बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। सरकार ने एक साल पहले शहर में 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बनाई थी। दो बार सर्वे किया। चिह्नित जमीन पर पेड़ काटने के लिए वन विभाग से अनुमति लेना, बिजली कनेक्शन लेने और एस्टीमेट बनाने का काम 3 माह से चल रहा था। अब वन विभाग ने चिह्नित जमीन पर पेड़ काटने की अनुमति दे दी है। इसमें 30 से 40 पेड़ काटे जाएंगे। रोडवेज प्रशासन के नए बिजली कनेक्शन के आवेदन पर बिजली निगम ने कनेक्शन दे दिया है। 5000 केवी का कनेक्शन दिया है। इसके लिए सेक्टर-5 पावर हाउस तक अलग लाइन बनाने का एस्टीमेट बनाया है। इसमें सेक्टर-5 से डिपो तक 3 किमी. की दूरी में अलग लाइन बनेगी। क्योंकि चार्जिंग स्टेशन को अलग लाइन से ही बेहतर ढंग से चलाया जा सकता है। रोडवेज ने प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने वाली कंपनी को दे दी है। कंपनी को चार्जिंग स्टेशन का सेटअप लगाना है। उपकरण पहले से ही बने हुए होंगे। केवल उन्हें अपनी जगह करनी होगी। फिलहाल, कंपनी ने 15 मार्च तक चार्जिंग स्टेशन बनाकर बसें चलाने का टारगेट रखा है।
