सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम आज जेल से बाहर आ सकता है। उसकी पैरोल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। करीब 30 दिन की पैरोल मिलने की चर्चा है। कल शाम को UP के बागपत में सिरसा से घोड़े और गाय पहुंचाए गए हैं और वहां पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
वहीं राम रहीम की बुधवार रात को एक वीडियो वायरल हुई। इस वीडियो में राम रहीम बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भगवान से दुआ मांग रहा है और डेरा प्रेमियों से राहत कार्य में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील कर रहा है। हालांकि, यह वीडियो राम रहीम की पिछली पैरोल की है।
उस समय वह बागपत में गया था, तब असम में बाढ़ आई हुई थी। वीडियो वायरल होने के बाद डेरा प्रेमियों के प्रबंधन के पास फोन पहुंचने शुरू हो गए हैं। तब डेरा प्रबंधन ने उन्हें सूचित किया कि यह पिछला वीडियो नहीं है। डेरा प्रवक्ता जितेंद्र इंसां का कहना है कि यह वीडियो पुरानी है।
राम रहीम की पैरोल के लिए अर्जी दिए जाने की सूचनाएं आ रही हैं। राम रहीम ने रोहतक प्रशासन के पास पैरोल की अर्जी दी है, जिसके बाद प्रशासन ने बागपत प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है। कयास हैं कि राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली है। हालांकि डेरे की ओर से राम रहीम के पैरोल को लेकर कोई पुष्टि नहीं की जा रही।
डेरा चीफ 21 जनवरी 2023 को 40 दिन की पैरोल पर आया था। मार्च 2023 में उसकी वापसी हुई थी।
