रोहतक पुलिस की CIA-2 टीम ने हत्या के प्रयास की वारदात में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से देसी कट्टा व पिस्टल बरामद हुआ है। उसके खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
CIA-2 प्रभारी स्टाफ SI आजाद नैन ने बताया कि पीएसआई मनोज के नेतृत्व में टीम गांव डोभ चौक के पास गश्त पर थी। गश्त के दौरान सूचना मिली की वांछित आरोपी भाली पुल के पास अवैध हथियार सहित घूम रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए भिवानी रोड गांव भाली के पास से युवक को शक के आधार पर काबू किया गया।
पकड़े गए युवक की पहचान गांव मोखरा हाल शास्त्री नगर निवासी प्रवीन उर्फ दादा के रूप में हुई। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी कट्टा व एक पिस्टल बरामद हुई। युवक के खिलाफ थाना बहुअकबरपुर में अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी थाना बहुअकबरपुर में दर्ज मामले में रोहतक पुलिस द्वारा अतिवांछित अपराधी की सूची में शामिल है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव गद्दी खेड़ी में युवक पर जानलेवा हमला किया था। आरोपी के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
