रोहतक के चार राजकीय स्कूलों के नाम में परिवर्तन किया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से राजकीय स्कूलों और उनमें शिक्षा का स्तर बढ़ाने के लिए योजना के तहत जिले के चार स्कूलों को पीएम श्री स्कूल में बदला गया है।इसी सत्र से यह स्कूल आदर्श स्कूल की तर्ज पर शुरू हो जाएंगे। योजना के अनुसार इसी नए सत्र से दाखिला भी दिया जाएगा।
इसमें जहां सरकारी स्कूल का स्तर निजी स्कूलों से कहीं बेहतर होगा, वहीं विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा दी जाएगी। पीएम श्री स्कूलों में बेहतर सुविधाओं के लिए समग्र शिक्षा विभाग से बजट की डिमांड मांगी गई है। जिसके अनुसार जिले के चार स्कूलों के लिए 2 करोड़ 28 लाख बजट की डिमांड केंद्र सरकार को भेज दी गई है।
पीएम श्री यानी प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया केंद्र सरकार की योजना के तहत राज्य के सरकारी स्कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है। खास बात यह है कि इन स्कूलों में लड़के व लड़कियां दोनों पढ़ सकेंगे। छात्रों को हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यम में पढ़ाई की सुविधा मिलेंगी।
वहीं इन स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता दिलाई जाएगी। हाल में प्रत्येक ब्लॉक से एक स्कूल का चयन किया गया है। इसके तहत इन विद्यालयों में नई टेक्नोलॉजी, स्मार्ट कक्षाएं, कला कक्ष, डिजिटल बोर्ड, खेल की सामग्री, इंटरनेट कनेक्टिविटी की जरूरी सुविधा मिलेगी।
इन स्कूलों में मॉडर्न लेबोरेट्री बनाई जाएगी। जहां छात्रों को विज्ञान व तकनीक की प्रयोगात्मक शिक्षा दी जाएगी। प्रत्येक विद्यालय को कॉलेज या विश्वविद्यालय से जोड़ा जाएगा, ताकि नई शिक्षा नीति का पालन हो। यह स्कूल ग्रीन स्कूलों होंगे। इसमें खेल, कला आईसीटी की दक्षताओं के विकास की ढांचागत सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
इन स्कूलों का हुआ चयन
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय. महमराजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांपला.
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन रोहतक.
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टिटौली.
पीएम श्री के लिए जिले के चार स्कूलों का चयन हुआ है। इसी सत्र से विद्यार्थियों को दाखिला भी दिया जा रहा है। भवन के अतिरिक्त संसाधन और सुविधाएं बढ़ाए जाने के लिए करीब 2 करोड 28 लाख रुपए के बजट की डिमांड केंद्र सरकार को भेज दी गई है।
मनोज सुहाग, एपीसी, रोहतक
