करनाल में RPIIT कॉलेज के मालिक भरत सिंघल का मंगलवार को किडनैप हो गया। ड्राइवर का आरोप है कि UP पुलिस की वर्दी पहले कुछ लोग सिंघल को वैगनआर गाड़ी में डालकर ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भरत सिंघल अपनी गाड़ी में ड्राइवर के साथ मिल से निकालकर बसताड़ा RPIIT कॉलेज जा रहे था। जैसे ही वह गांव कंबोपुरा के पास पहुंचे तो सामने से आई एक वैगनआर कार ने उनकी कार को हाथ देकर रुकवा लिया। उसमे से 3 लोग UP पुलिस की वर्दी मे थे और एक सिविल ड्रैस में था।
पहले उन लोगों ने भरत सिंघल का नाम पूछा फिर कार से बाहर आने को कहा। नीचे उतरते ही उन्होंने भरत को जबरदस्ती वैगनआर कार में डाल लिया और अपने साथ मेरठ की तरफ ले गए। ड्राइवर ने घटना की सूचना कॉलेज प्रबंधन को दी। जिसके बाद उन्होंने मधुबन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मधुबन थाना के SHO तरसेम चंद कांबोज ने बताया कि ड्राइवर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही भरत सिंघल का पता लगा लिया जाएगा और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
