पलवल में खादर के फाटनगर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। पुलिस की मौजूदगी में ही यहां पर लोग लाठी, डंडा लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। यहां गोलियां भी चली। दोनों पक्षों की 5 महिलाओं सहित 12 व्यक्ति घायल हुए हैं। हसनपुर पुलिस ने एक तरफ के 42 नामजद सहित 250 के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित और दूसरे पक्ष की तरफ से 26 नामजद के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
हसनपुर थाना के पुलिस जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर संजय कुमार के अनुसार, फाटनगर गांव निवासी चंद्रभान ने दी शिकायत में कहा है कि उसने व उसके भतीजे देवदत्त ने होडल निवासी रामबीर, सिहोल गांव निवासी धर्मचंद्र व नीरज से 40-45 एकड़ भूमि पट्टे पर लेकर मूंग, बैंगन व घीया की फसल बोई हुई थी।
सरपंच गीता अपने साथ 250 लोगों को लेकर खेतों पर पहुंची। इनमें मुख्य रूप से भूपेंद्र, चरन, जेदू, डिगम्बर, अर्जुन, जीतू, उमेश, डोरी, रामू, मोहन, निक्कू, गौतम, सुभाष, रोतान, कृष्णा, लखन, द्रौपा, कांता, लक्ष्मन, रामवीर, जसवीर, जोगेंद्र, निरंजन, विनोद, टेकचंद, कर्णसिंह, बालिकराम, मूलचंद, टेकी, किशोर, जसवीर, पप्पू, मदन, जसमत, जगदीश, खेमी, पवन, भीम, कन्हेरी, मुरारी, कमल व सतबीर सहित 250 लोग शामिल थे।
शिकायत में कहा है कि आरोपियों के हाथों में लाठी, डंडा, लोहे के सरिया व देशी कट्टे थे। आरोपियों ने जाते ही पीडित व उसके परिजनों पर हमला कर दिया। आरोप है कि पवन व जीतू ने हाथ में लिए देशी कट्टे से सीधी गोली चलाई, लेकिन गोली से वह और उसका भतीजा बाल-बाल बच गए।
शिकायत में कहा है कि गीता सरपंच कह रही थी इन सभी को जान से खत्म कर दो मैं अपने आप देख लूंगी। झगड़े में पीडित (चंद्रभान) व उसके परिवार के होशियार, जयवंती, शिवदेयी, हरबिजी व लता घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हसनपुर थाना के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुरेश के अनुसार, फाटनगर निवासी सतबीर ने दी शिकायत में कहा है कि उसकी बेटी गीता गांव की मौजूदा सरपंच है। उन्हें सूचना मिली कि गांव के कुछ लोग पंचायत में निहित शामलात देह की भूमि को ट्रैक्टर से जोत रहे हैं।
इनमें चंद्रभान, सूरजमल, खूबी, कुमरपाल, राधाचरण, श्याम, होशियार, कन्हैया, अरविंद, देवदत्त, बिजेद्र, पप्पू, राजू, मेघराज, कमल, हरकेश, अनमोल, रोहित, पूरन, लखन, प्रमोद, हरबीर, लेखू, भरतपाल, पुष्पेंद्र व इंद्रवती वहां मौके पर मिले। उक्त लोग पंचायत जमीन को जोतते हुए मिले, उन्होंने मना किया तो उन्हें जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज करने लगे।
आरोपी तैस में आ गए और उन पर लाठी, डंडा, कुल्हाड़ी व फरसा से हमला कर दिया। झगड़े में सतवीर, भूपेंद्र, विमला, देवेंद्र, कनेरी व दिनेश घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने पीडित सतबीर की शिकायत पर उक्त 26 महिला-पुरुषों के खिलाफ मारपीट कर जाति सूचक गालियां देने का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
