हरियाणा में चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह का आयोजन 24 अप्रैल को किया जा रहा है। इसमें देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चीफ गेस्ट होंगी। उनके आने को लेकर हिसार जिला प्रशासन व एचएयू ने तैयारियां शुरू कर दी है।

राष्ट्रपति उस दिन हरियाणा में दो जगहों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगी। हिसार में उनका हेलिकॉप्टर करीब डेढ़ बजे लैंड करेगा। सीएम मनोहर लाल या राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय उन्हें रिसीव करेंगे। इसके बाद वे सीधे रेस्ट करने के लिए फैकल्टी हाउस में जाएंगे। इस दौरान वे किसी से नहीं मिलेंगी।

उनका लंच कार्यक्रम भी विश्वविद्यालय में ही होगा। करीब 3 बजकर 50 मिनट पर वे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और 4 बजकर 50 मिनट पर वे समारोह से चली जाएंगी। HAU में उनके सभी कार्यक्रम 250 से 300 मीटर की रेंज में होंगे।

राष्ट्रपति जिस हेलिकॉप्टर से आएंगी, उनकी सुरक्षा में भारतीय सेना के दो अत्याधुनिक हेलिकॉप्टर भी तैनात होंगे। इसलिए HAU के खेल ग्राउंड में तीन हेलिकॉप्टर के लिए हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। इसके लिए ग्राउंड में लगे खेल सामान को हटाया जा सकता है। प्रेसिडेंट के काफिले के लिए ग्राउंड में रास्ता तैयार किया जा रहा है।

राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों का एक दल आज हिसार में एचएयू स्थल का दौरा कर सकता है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके आगमन को लेकर अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी हैं।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 865 स्नातकों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। दीक्षांत समारोह में 1 अगस्त 2021 से 30 सितंबर 2022 के दौरान शिक्षा पूरी कर चुके स्टूडेंट्स को 290 स्नातक, 447 परास्नातक एवं 128 डॉक्टरेट की उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

इसके अतिरिक्त इन स्टूडेंट्स में से शिक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 124 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले स्टूडेंट्स से उनकी पहचान के सत्यापन तथा पूर्वाभ्यास के लिए 23 अप्रैल को सुबह 10 बजे विश्वविद्यालय में रिपोर्ट करने होगी। ऐसा न करने पर वे दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!